कार्यपालक अभियंता पर न्यायालय ने दिया एफआईआर का आदेश

संवाददाता/३० जनवरी २०१२
वर्ष २००८ की एक घटना को लेकर मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी श्री अनिल कुमार सिन्हा ने तत्कालीन राष्ट्रीय उच्च पथ प्रमंडल, मधेपुरा के कार्यपालक अभियंता सूर्यकांत के विरूद्ध एफआईआर दर्ज करने के आदेश दे दिए हैं.न्यायालय में दाखिल परिवाद पत्र में मधेपुरा के ही एक संवेदक दिनेश कुमार यादव ने आरोप लगाया था कि वित्तीय वर्ष २००६-०७ में एनएच १०६ के ७७-८८ किमी के एक काम का उन्होंने एकरारनामा किया था.इस सड़क के कार्य को छ: माह में १६.०७.२००७ तक पूरा करना था और इसकी प्राक्कलित राशि पांच करोड़ बयालीस हजार सात सौ चौवालीस रूपये थी.कार्यपालक अभियंता ने इस काम में पांच लाख रूपये  कमीशन की मांग की.नहीं देने पर जांच के नाम पर कार्यपालक अभियंता संवेदक को प्रताड़ित करते रहे और धमकी देते रहे कि एकरारनामा रद्द करवा दूंगा.और छ: माह के बाद बिना कोई समय विस्तार दिए हुए कार्यपालक अभियंता ने एकरारनामा रद्द करवा दिया, जबकि ऐसे कई मामलों में कार्यपालक ने समय विस्तार किया.पीड़ित जब इसके विरूद्ध उच्च न्यायालय गए तो वहां समय विस्तार कर एकरारनामा रद्द के आदेश को स्थगित करने का आदेश पारित किया.
   संवेदक ने न्यायालय में कहा कि एक पुराने संवेदक होने के कारण एकरारनामा रद्द किये जाने से उनकी प्रतिष्ठा धूमिल हुई है.कार्यपालक अभियंता ने अपने पद का दुरूपयोग कर उनकी सामजिक और व्यावसायिक प्रतिष्ठा को आघात पहुंचाया है.
   और मानहानि के इस मुक़दमे में न्यायालय द्वारा एफआईआर के आदेश से कार्यपालक अभियंता की मुश्किलें बढ़ती दिख रही है.

मधेपुरा के एसडीपीओ पर न्यायालय में मुकदमा

एसडीपीओ विजय कुमार
संवाददाता/३० जनवरी २०१२
मधेपुरा के सदर एसडीपीओ (सब डिवीजनल पुलिस ऑफिसर) विजय कुमार पर आज न्यायालय में एक परिवाद पत्र दायर किया गया है.परिवाद पत्र में श्रीनगर थाना के अंतर्गत ललकुरिया की बीबी कुलसुम ने आरोप लगाया है कि मधेपुरा थाना के एक केस में डीएसपी विजय कुमार उनसे रिश्वत मांग रहे थे.नहीं देने पर उसके साथ अभद्र व्यवहार किये.इसकी सूचना देने जब वह डीआईजी के पास सहरसा गयी तो वहां एक व्यक्ति ने उसे बरगलाकर एसपी मधेपुरा के पास जाने कहा.वापस लौटते समय सहरसा रोड में स्टेशन से एक किलोमीटर दूर पुल के पास उसकी मैजिक गाड़ी को रूकवा कर डीएसपी ने उसे भरपूर पीटा और धमकी दी कि कोर्ट या थाना गयी तो अंजाम बुरा होगा.फिर डीएसपी ये कहते वहां से भाग गए कि कोई विधि व्यवसायी(वकील) मेरे खिलाफ प्रैक्टिस करेगा तो उसके जीवन को तहस नहस कर दूंगा.
     मधेपुरा टाइम्स ने जब इस सम्बन्ध में एसडीपीओ विजय कुमार से संपर्क किया तो उन्होंने बताया कि उक्त महिला ने अपने पति पर मुकदमा किया था जिसको जांच के बाद उन्होंने गलत पाया था.उसी आक्रोश में महिला ने ये निहायत झूठा परिवाद पत्र दाखिल किया है.

मूर्ति विसर्जन के दौरान छात्रों ने किया उपद्रव

संवाददाता/३० जनवरी २०१२
आज शाम जिला मुख्यालय में स्टेशन के पास मूर्ति विसर्जन के लिए जा रहे छात्रों ने उस समय उपद्रव कर दिया जब एक स्कॉर्पियो गाड़ी से किसी छात्र को हलकी ठोकर लग गयी.घटना के सम्बन्ध में घटनास्थल पर मौजूद लोगों ने बताया कि स्थानीय राज इन्फोटेक कम्प्यूटर सेंटर की प्रतिमा आज जब विसर्जन के लिए जा रही थी तब उक्त हादसा हुआ.छात्र नाचते-गाते जा रहे थे. ठोकर लगने के बाद भक्त छात्रों ने स्कॉर्पियो के ड्राइवर को पीटना शुरू कर दिया और स्कॉर्पियो के शीशे को चकनाचूर कर डाला.आरोप ये भी लगाया गया कि स्कॉर्पियो में बैठी एक लड़की को भी छात्रों ने खींचने का प्रयास किया.बचाने आये एक युवक की भी छात्रों ने पिटाई कर दी.स्थानीय लोगों के भड़क जाने पर छात्र ट्रैक्टर छोड़कर भाग निकले.आक्रोशित लोगों ने उसी स्कॉर्पियो की मदद से सड़क जाम कर दिया.समाचार लिखने तक स्टेशन चौक के पास जाम की स्थिति बनी हुई थी.आक्रोशित भीड़ मौके पर पहुंचे पुलिस पदाधिकारियों की बात भी सुनने के लिए तैयार नहीं थे और उपद्रवी छात्रों की गिरफ्तारी की मांग कर रहे थे.
(घटना में घायल को सुनने के लिए यहाँ क्लिक करें)

छेड़खानी करते युवक विरोध होने पर स्कॉर्पियो छोड़ भागे

संजय कुमार/२९ जनवरी २०१२
मुरलीगंज में आज स्कॉर्पियो गाड़ी पर सवार उन आठ युवकों को महँगा पड़ गया जब इनके द्वारा किये जा रहे छेड़खानी का स्थानीय लोगों ने जम का विरोध कर दिया.पब्लिक और पुलिस के सक्रिय हो जाने के बाद इन युवकों को स्कॉर्पियो छोड़कर भागना पड़ा.प्राप्त जानकारी के अनुसार सुबह से ही शहर में सरस्वती पूजा की चहल-पहल के बीच ये युवक शहर के विभिन्न हिस्सों में बिना लोगों की परवाह किये लड़कियों को देखकर फब्तियां कस रहे थे.अंत में कुछ लोग इनकी हरकतों से तंग आकर भड़क उठे.स्कॉर्पियो का नंबर नोट कर इन्होनें पुलिस को इस बात की खबर की.फिर लोगों की मदद से जब पुलिस ने इन्हें खोजना शुरू किया तो मौके की नजाकत भांप ये युवक गाड़ी छोड़ भाग खड़े हुए.स्कॉर्पियो को मुरलीगंज हाट के निकट पुरानी पोस्ट ऑफिस के पास से बरामद कर पुलिस अपने साथ ले गयी है.स्कॉर्पियो का नंबर BR 43 B 5111 बताया गया है.

नाच-गानों के साथ हो रहा है प्रतिमा विसर्जन

संवाददाता/२९ जनवरी २०१२
जिले में धूमधाम से सरस्वती पूजा मनाये जाने के बाद आज अधिकाँश मूर्तियां विसर्जित की जा रही हैं.शहर के विभिन्न नदियों में विसर्जन करने के लिए इन मूर्तियों को ट्रैक्टर या ठेला से ले जाया जा रहा है.अधिकाँश भक्तों ने एक ही ट्रैक्टर से कई मूर्तियों को ले जाने की व्यवस्था कर रखी है.कल से आज तक माँ शारदे की पूजा-अर्चना करने के बाद आज युवाओं ने विसर्जन के दौरान सड़कों पर फिल्मी धुनों पर जम कर नाचा.विसर्जन के दौरान सड़कों पर नाच-गाने के कारण कभी-कभी जाम की भी स्थिति देखने को मिला, पर मौका सरस्वती पूजा का था इसलिए जाम में फंसे वाहन चालक भी धैर्य का परिचय देते दिखे.जहाँ जिले की अधिकाँश मूर्तियां आज ही विसर्जित की जा रही हैं, वहीं कुछ भक्तों ने कहा कि आज रविवार का दिन है जो खाली दिन माना जाता है अत: धार्मिक नियमों का पालन करते हुए हम कल सोमवार को प्रतिमा विसर्जित करेंगे.सरस्वती पूजा के अवसर पर आज कई जगह क्विज, डांस आदि प्रतियोगिता का आयोजन किया गया तथा सांस्कृतिक कार्यक्रम भी हुए.
(युवाओं के नृत्य का वीडियो देखने के लिए यहाँ क्लिक करें)

यौन उत्पीडन विषय पर जागरूकता शिविर

 संवाददाता/२९ जनवरी २०१२
समाज में बढते यौन उत्पीडन के मामलों पर आज दिन में स्थानीय केशव कन्या हाई स्कूल में एक जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया.जिला विधिक सेवा प्राधिकार मधेपुरा के तत्वाधान में यौन उत्पीडन से सम्बंधित विधिक साक्षरता एवं जागरूकता शिविर में वक्ताओं ने यौन उत्पीडन के कारणों और इसके उपचार पर विस्तार से प्रकाश डाला.कार्यक्रम के मुख्य अतिथि न्यायिक दंडाधिकारी अविनाश कुमार ने ऐसी घटना खासकर थोड़ी दूर के रिश्तेदारों के द्वारा ज्यादा किये जाते हैं.वे लड़कियों को बहला-फुसला कर यौन उत्पीडन करते हैं.कभी-कभी बुजुर्ग भी ऐसी घटनाओं में शामिल होते है.इनसे सावधान रहने की आवश्यकता है.ऐसे प्रयासों के बारे में अभिभावकों या स्कूल की शिक्षिकाओं को इसकी जानकारी देनी चाहिए.सीमाएं लांघने पर कड़े कदम उठाये जाने की आवश्यकता है.केशव कन्या स्कूल कि प्राचार्य श्री मती विभा देवी ने कहा कि यौन उत्पीडन के मामले में आवाज उठाने की आवश्यकता है.अधिवक्ता सुकेश राणा ने कहा कि यौन उत्पीडन का सबसे बड़ा कारण है अनुशासन में कमी और आयातित संस्कार.
    जागरूकता शिविर में स्कूल की शिक्षिका प्रतिभा देवी,सीता देवी, सुधा कुमारी, ऋचा प्रकाश आदि के अलावे छात्राएं भी उपस्थित थी.

स्वास्थ्य मंत्री के हाथ काटने के बयान पर मधेपुरा का आईएमए भड़का

रूद्र ना० यादव/२९ जनवरी २०१२
बिहार के स्वास्थ्य मंत्री अश्विनी चौबे की जूनियर डॉक्टरों के हड़ताल पर जाने की धमकी के बाद उस बयान पर कि धमकी देने वालों के हाथ भी काट दिए जाते हैं, पर आईएमए (इंडियन मेडिकल एसोसिएशन) की मधेपुरा शाखा ने तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की है.मधेपुरा के चिकित्सकों ने कहा कि एक स्वास्थ्य मंत्री के मुंह से डॉक्टरों के हाथ काटने की बात शोभा नहीं देती है.आईएमए के अध्यक्ष डा० अरुण कुमार मंडल ने कहा कि जरूरत पड़ने पर बेकार हाथ को हमलोग काटते हैं.स्वास्थ्य मंत्री ने तो कभी किसी का हाथ काटा भी नहीं होगा.उन्होंने कहा कि जूनियर डॉक्टर के हड़ताल पर जाने की धमकी पर उनकी समस्या पर ध्यान देने की बजाय उनके हाथ काट लेने की बात की हम सभी तीखी भर्त्सना करते है.जूनियर डॉक्टरों ने वेतन वृद्धि के मुद्दे पर हड़ताल पर जाने का एलान किया है.ऐसे में बिहार सरकार के मंत्री का ऐसा बयान विवादास्पद है.मालूम हो कि श्री चौबे ने कल स्वास्थ्य चेतना यात्रा का आरम्भ करते हुए पटना में ऐसा कहा था.
Related Posts Plugin for WordPress, Blogger...