मधेपुरा जिला के घैलाढ़ प्रखंड में राजद के कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष तेजस्वी यादव के आह्वान पर बुधवार को घैलाढ़ प्रखंड मुख्यालय के मुख्य चौराहे पर महागठबंधन कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया।
राजद के कार्यकारी प्रखंड अध्यक्ष राजनंदन यादव के नेतृत्व में जुटे कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह एवं मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का पुतला फूंका।
पुतला दहन से पहले कार्यकर्ताओं ने मुख्य चौराहे पर नारेबाजी करते हुए विरोध जताया। नेताओं ने कहा कि चुनावी प्रक्रिया और लोकतांत्रिक व्यवस्था से जुड़े मुद्दों को लेकर विपक्ष अपनी आवाज बुलंद कर रहा है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र और संविधान की रक्षा के लिए महागठबंधन के कार्यकर्ता सड़क से लेकर सदन तक संघर्ष जारी रखेंगे।
प्रदर्शन के दौरान मुख्य चौराहे पर कुछ देर तक राजनीतिक सरगर्मी तेज रही। पुतला दहन के बाद कार्यकर्ताओं ने एकजुट होकर लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा के लिए संघर्ष जारी रखने का संकल्प लिया। मौके पर कांग्रेस जिलाध्यक्ष एसके सौरव, बरदाहा पंचायत के मुखिया राजीव रंजन उर्फ राजू, ललन कुमार, भतरंधा पैक्स अध्यक्ष, कांग्रेस नेता रोशन यादव कुंदन यादव सहित महागठबंधन के विभिन्न दलों के नेता और कार्यकर्ता मौजूद थे।
(रिपोर्ट: लालेंद्र कुमार)
महागठबंधन का प्रदर्शन, पीएम समेत तीन नेताओं का पुतला फूंका
Reviewed by मधेपुरा टाइम्स
on
October 07, 2026
Rating:
No comments: