कबड्डी में बीएनएमयू का जलवा, ओडिशा के संबलपुर विश्वविद्यालय को दी मात

मधेपुरा। वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय, जौनपुर में आयोजित पूर्वी क्षेत्र अंतर विश्वविद्यालयीय कबड्डी (पुरुष) प्रतियोगिता 2026–27 में भूपेंद्र नारायण मंडल विश्वविद्यालय (बीएनएमयू), मधेपुरा की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए लगातार दो जीत के साथ अपने अभियान की दमदार शुरुआत की है। 

टीम ने पहले मुकाबले में जादवपुर विश्वविद्यालय, कोलकाता के विरुद्ध नियमानुसार जीत दर्ज की, जबकि दूसरे मुकाबले में संबलपुर विश्वविद्यालय, ओडिशा को 11 अंकों से पराजित किया। संबलपुर विश्वविद्यालय के विरुद्ध बीएनएमयू की टीम ने 37 अंक अर्जित किए, जबकि विपक्षी टीम 26 अंकों पर ही सिमट गई।

इस संबंध में जानकारी देते हुए क्रीड़ा एवं सांस्कृतिक परिषद के निदेशक प्रो. (डॉ.) मो. अबुल फजल एवं उप निदेशक डॉ. जैनेन्द्र कुमार ने बताया कि प्रतियोगिता का आयोजन 18 से 21 नवंबर तक पूर्वांचल विश्वविद्यालय परिसर स्थित मेजर ध्यानचंद इंडोर स्टेडियम में किया जा रहा है। इसमें पूर्वी क्षेत्र के 60 विश्वविद्यालयों की टीमें हिस्सा ले रही हैं।

प्रतियोगिता के पहले मुकाबले में बीएनएमयू मधेपुरा का सामना जादवपुर विश्वविद्यालय, कोलकाता से होना था। हालांकि, निर्धारित समय तक जादवपुर विश्वविद्यालय की टीम के मैदान में उपस्थित नहीं होने के कारण प्रतियोगिता के नियमानुसार बीएनएमयू की टीम को विजेता घोषित किया गया। इसके साथ ही टीम ने प्रतियोगिता में अपनी पहली जीत दर्ज की।

वहीं, संबलपुर विश्वविद्यालय के विरुद्ध दूसरे मुकाबले में बीएनएमयू के खिलाड़ियों ने बेहतरीन तालमेल, आक्रामक रेड और मजबूत रक्षात्मक खेल का प्रदर्शन करते हुए 37-26 से शानदार जीत हासिल की। लगातार दो जीत से टीम का मनोबल काफी बढ़ा है। विश्वविद्यालय एवं महाविद्यालय के खेल प्रेमियों में भी इस उपलब्धि को लेकर उत्साह है।

टीम की इस उपलब्धि पर कुलपति प्रो. (डॉ.) बिमलेन्दु शेखर झा ने खिलाड़ियों को बधाई देते हुए उनके प्रदर्शन की सराहना की। उन्होंने टीम मैनेजर डॉ. राम नरेश राय, कोच सुगंध कुमार एवं सहायक कोच अभिषेक के प्रयासों की भी प्रशंसा की।

इस अवसर पर विश्वविद्यालय के कुलसचिव प्रो. (डॉ.) अशोक कुमार सिंह, अध्यक्ष छात्र कल्याण प्रो. (डॉ.) उमाशंकर चौधरी, प्रॉक्टर डॉ. इम्तियाज अंजुम, वित्त परामर्शी श्री चतुर किस्कू, वित्त पदाधिकारी श्री कृष्ण कुमार तथा परीक्षा नियंत्रक डॉ. अरुण कुमार झा ने भी खिलाड़ियों, कोच एवं टीम मैनेजर को बधाई देते हुए आगामी मुकाबलों में बेहतर प्रदर्शन और सफलता की शुभकामनाएं दीं।

कबड्डी में बीएनएमयू का जलवा, ओडिशा के संबलपुर विश्वविद्यालय को दी मात कबड्डी में बीएनएमयू का जलवा, ओडिशा के संबलपुर विश्वविद्यालय को दी मात Reviewed by मधेपुरा टाइम्स on November 19, 2026 Rating: 5

No comments:

Powered by Blogger.