बिजली विभाग ने तार काटने की आशंका जताई, परिजनों ने तार गिरने से करंट लगने की कही बात
मधेपुरा जिला के घैलाढ़ ओपी क्षेत्र के झिटकिया पंचायत अंतर्गत बुधनगर गांव में रविवार की सुबह 11 हजार वोल्ट के बिजली तार की चपेट में आने से दो युवकों की दर्दनाक मौत हो गई। मृतकों की पहचान बुधनगर वार्ड नं 3 निवासी सिंटू कुमार, पिता सुधीर यादव एवं रोशन कुमार पिता गुलाब यादव के रूप में हुई है।
घटना के बाद गांव में मातमी सन्नाटा पसरा है। वहीं मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतकों के परिजनों का कहना है कि दोनों युवक सुबह मॉर्निंग वॉक के लिए घर से निकले थे। इसी दौरान बिजली का तार गिरने के कारण दोनों उसकी चपेट में आ गए और करंट लगने से उनकी मौत हो गई। परिजनों के अनुसार यह एक हादसा है। वहीं, घटना को लेकर बिजली विभाग की ओर से अलग जानकारी दी गई है। विद्युत आपूर्ति प्रशाखा घैलाढ़ के कनीय विद्युत अभियंता अजीत कुमार की ओर से वरीय अधिकारियों को भेजे गए आवेदन में बताया गया है कि रविवार सुबह करीब 5:31 बजे बुचनगर में दो व्यक्तियों की बिजली करंट से मौत होने की सूचना मिली। इसके बाद विभागीय कर्मियों को घटनास्थल पर भेजा गया। आवेदन के अनुसार लक्ष्मीनियां फीडर के 11 हजार वोल्ट के विद्युत तार को कथित रूप से अवैध तरीके से काटने के दौरान दोनों युवक करंट की चपेट में आ गए।
विभागीय आवेदन में यह भी उल्लेख किया गया है कि घटनास्थल पर ली गई तस्वीर में दोनों के हाथों में 11 हजार वोल्ट का तार दिखाई दे रहा है। साथ ही, विभाग ने पूर्व में बेलोखरी में 24 पोल के तार काटे जाने की घटना का जिक्र करते हुए तार चोरी करने वाले गिरोह की संलिप्तता की आशंका जताई है।
इस प्रकार घटना को लेकर परिजनों और बिजली विभाग की ओर से अलग-अलग बातें सामने आई हैं। एक ओर परिजन इसे मॉर्निंग वॉक के दौरान बिजली का तार गिरने से हुआ हादसा बता रहे हैं, तो दूसरी ओर विभाग ने तार काटने की आशंका जताई है। घटना के वास्तविक कारणों का पता जांच के बाद ही चल सकेगा।
(रिपोर्ट: लालेंद्र कुमार)
11 हजार वोल्ट के तार की चपेट में आने से दो युवकों की मौत
Reviewed by मधेपुरा टाइम्स
on
November 01, 2026
Rating:
No comments: