मधेपुरा जिला के घैलाढ़ प्रखंड क्षेत्र के भतरंधा परमानपुर पंचायत अंतर्गत परमानपुर गांव के वार्ड संख्या 13 स्थित उत्क्रमित कन्या मध्य विद्यालय एवं वार्ड संख्या 17 स्थित उच्च माध्यमिक विद्यालय में स्वच्छता, नशामुक्ति, राष्ट्रीय एकता और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा को लेकर संगोष्ठी का आयोजन किया गया।
कन्या मध्य विद्यालय परमानपुर में संगोष्ठी की अध्यक्षता सहायक प्रधानाध्यापक रामनंदन प्रसाद यादव उच्च माध्यमिक विद्यालय परमानंदपुर में प्रवीण कुमार ने की। कार्यक्रम में अभिभावक, विद्यालय शिक्षा समिति के सदस्य, शिक्षक और परमानन्दपुर थानाध्यक्ष विकास कुमार मिश्रा शामिल हुए। संगोष्ठी में कई वक्ताओं ने स्वच्छता, राष्ट्रीय एकता, नशामुक्ति और बच्चों के शैक्षणिक विकास पर विस्तार से चर्चा की। इस दौरान रामनंदन प्रसाद यादव ने कहा कि बच्चों की बेहतर शिक्षा और उज्ज्वल भविष्य के निर्माण में अभिभावकों की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। केवल विद्यालय भेजना ही अभिभावकों की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि बच्चों की पढ़ाई, नियमित उपस्थिति, व्यवहार और गतिविधियों पर भी लगातार ध्यान देना जरूरी है।
वहीं, प्रधानाध्यापक प्रवीण कुमार ने कहा कि स्वच्छता स्वस्थ जीवन का आधार है। बच्चों में बचपन से ही साफ-सफाई की आदत विकसित करनी चाहिए। घर और विद्यालय के आसपास स्वच्छ वातावरण बनाए रखने के लिए सभी को अपनी जिम्मेदारी समझनी होगी। उन्होंने अभिभावकों से बच्चों की नियमित उपस्थिति और पढ़ाई पर विशेष ध्यान देने की अपील की। राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल के योगदान को याद करते हुए बच्चों को आपसी भाईचारे, प्रेम, सद्भाव और देश की एकता एवं अखंडता बनाए रखने का संदेश दिया गया।
थानाध्यक्ष विकास कुमार मिश्रा ने कहा कि समाज में एकता और आपसी सहयोग की भावना मजबूत होने से ही राष्ट्र का विकास संभव है। अभिभावकों एवं बच्चों को नशे के दुष्परिणामों से अवगत कराते हुए इससे दूर रहने की अपील की। उन्होंने कहा कि नशा व्यक्ति के साथ-साथ पूरे परिवार और समाज को बर्बाद कर देता है। अभिभावकों को चाहिए कि वे अपने बच्चों की संगति, गतिविधियों और व्यवहार पर विशेष नजर रखें। बच्चों को गलत संगति से बचाते हुए उन्हें सही दिशा और सकारात्मक माहौल प्रदान करें। उन्होंने कहा कि बच्चों को नशामुक्ति के प्रति जागरूक करना समाज के प्रत्येक व्यक्ति की जिम्मेदारी है।
कार्यक्रम के अंत में बच्चों के सर्वांगीण विकास, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, नियमित विद्यालय उपस्थिति, स्वच्छता की आदत विकसित करने और नशामुक्त समाज के निर्माण में अभिभावकों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने पर बल दिया गया।
मौके पर पूर्व मुखिया प्रतिनिधि अशोक यादव, शिक्षक सुशील कुमार, प्रिंस कुमार, अंशु कुमार सहित विद्यालय के सभी शिक्षक, अभिभावक, एसआई सुरेंद्र कुमार, विनोद कुमार एवं अन्य पुलिसकर्मी मौजूद थे।
(रिपोर्ट: लालेन्द्र कुमार)
स्वच्छता, नशामुक्ति और राष्ट्रीय एकता का दिया संदेश
Reviewed by मधेपुरा टाइम्स
on
October 31, 2026
Rating:
No comments: