बीएनएमयू की हैंडबॉल टीम का सात दिवसीय प्रशिक्षण शिविर शुरू, खिलाड़ी बहाएंगे पसीना

पूर्वी क्षेत्र अंतर-विश्वविद्यालय हैंडबॉल प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन के लक्ष्य के साथ भूपेंद्र नारायण मंडल विश्वविद्यालय (बीएनएमयू), मधेपुरा की हैंडबॉल टीम इन दिनों अभ्यास में जुटी है। राजकीय डिग्री महाविद्यालय, घैलाढ़ में चल रहे सात दिवसीय प्रशिक्षण शिविर में खिलाड़ी खेल की बारीकियां सीखने के साथ अपनी फिटनेस, तकनीक और आपसी तालमेल को मजबूत कर रहे हैं। यह शिविर 23 से 29 अक्टूबर तक आयोजित किया जा रहा है।

शिविर का उद्घाटन महाविद्यालय के प्राचार्य मनोज नारायण भगत, सहायक प्राध्यापक भास्कर प्रियदर्शी, मधेपुरा हैंडबॉल संघ के अध्यक्ष राजनंदन यादव, परमानंदपुर थाना के एसआई विनोद कुमार तथा शिक्षक संतोष कुमार एवं सुभाष चंद्र यदुवंशी ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया था।

क्रीड़ा एवं सांस्कृतिक परिषद के निदेशक प्रो. (डॉ.) मो. अबुल फजल एवं उपनिदेशक डॉ. जैनेन्द्र कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि कुलपति प्रो. (डॉ.) बी. एस. झा के निर्देशानुसार इस प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया जा रहा है। कुलपति का निर्देश है कि विश्वविद्यालय की किसी भी टीम को अंतर-विश्वविद्यालय प्रतियोगिता में भेजने से पहले समुचित प्रशिक्षण दिया जाए, ताकि खिलाड़ी बेहतर तैयारी के साथ प्रतियोगिता में भाग लें और विश्वविद्यालय के लिए अच्छे परिणाम हासिल कर सकें।

शिविर में प्रशिक्षक दीपक प्रकाश रंजन और रूपक रंजन खिलाड़ियों को प्रशिक्षण दे रहे हैं। अभ्यास के दौरान खेल कौशल, शारीरिक फिटनेस, तकनीक, रणनीति और टीम के बीच बेहतर तालमेल विकसित करने पर विशेष जोर दिया जा रहा है। खिलाड़ियों की कमजोरियों को दूर करने और मुकाबले के दौरान बेहतर प्रदर्शन करने के लिए उन्हें नियमित अभ्यास कराया जा रहा है।

पूर्वी क्षेत्र अंतर-विश्वविद्यालय हैंडबॉल प्रतियोगिता का आयोजन उत्तर प्रदेश के वाराणसी स्थित बनारस हिंदू विश्वविद्यालय में 2 से 6 नवंबर 2026 तक होगा। प्रतियोगिता से पहले बीएनएमयू की टीम अपनी तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुटी है। प्रशिक्षण शिविर के माध्यम से खिलाड़ियों को प्रतियोगिता में मजबूत चुनौती पेश करने और विश्वविद्यालय का नाम रोशन करने के लिए तैयार किया जा रहा है।

बीएनएमयू की हैंडबॉल टीम का सात दिवसीय प्रशिक्षण शिविर शुरू, खिलाड़ी बहाएंगे पसीना बीएनएमयू की हैंडबॉल टीम का सात दिवसीय प्रशिक्षण शिविर शुरू, खिलाड़ी बहाएंगे पसीना Reviewed by मधेपुरा टाइम्स on October 24, 2026 Rating: 5

No comments:

Powered by Blogger.