पोखर में डूबने से तीन वर्षीया बच्ची की मौत, माँ घरेलू काम में थी व्यस्त, खेलते-खेलते बच्ची गिरी पोखर में
मधेपुरा जिले के मुरलीगंज प्रखंड अंतर्गत पड़वा नवटोल पंचायत के संतनगर वार्ड संख्या सात में बुधवार को सरकारी पोखर में डूबने से करीब तीन वर्षीय बच्ची की मौत हो गई। मृत बच्ची की पहचान विजय यादव की पुत्री परी कुमारी के रूप में हुई है। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया, जबकि गांव में मातम पसरा है।
जानकारी के अनुसार, विजय यादव पंजाब में मजदूरी करने गए हुए हैं। बुधवार को बच्ची की मां घरेलू कामकाज में व्यस्त थी और बच्चे आसपास खेल रहे थे। इसी दौरान परी अचानक लापता हो गई। मां ने जब बच्ची की खोजबीन शुरू की और वह कहीं नहीं मिली, तो आसपास के लोगों को इसकी जानकारी दी गई। इसके बाद स्थानीय लोगों ने सरकारी पोखर में बच्ची की तलाश शुरू की। खोजबीन के दौरान बच्ची पोखर के किनारे पानी में डूबी हुई मिली। स्थानीय लोगों ने उसे बाहर निकाला, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
स्थानीय लोगों के अनुसार, बच्ची करीब साढ़े ग्यारह बजे पोखर में डूबी थी। लगभग डेढ़ घंटे तक खोजबीन के बाद उसे बाहर निकाला जा सका। घटना की सूचना मुरलीगंज पुलिस और अंचलाधिकारी को दी गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा की प्रक्रिया पूरी करने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
इस संबंध में मुरलीगंज थानाध्यक्ष अकमल हुसैन ने बताया कि घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं, अंचलाधिकारी किसलय कुमार ने बताया कि आपदा के नियमानुसार अग्रेतर कार्रवाई की जाएगी।
पड़वा नवटोल पंचायत के मुखिया प्रतिनिधि संतोष कुमार सिंटू ने घटना को बेहद दुखद बताया। उन्होंने कहा कि विजय यादव के तीन बच्चों में परी दूसरे स्थान पर थी। बच्ची की उम्र करीब दो से तीन वर्ष थी। घटना की सूचना पुलिस प्रशासन और अंचलाधिकारी को दे दी गई है। नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जा रही है।
(रिपोर्ट: संजय कुमार)
पोखर में डूबने से तीन वर्षीया बच्ची की मौत, माँ घरेलू काम में थी व्यस्त, खेलते-खेलते बच्ची गिरी पोखर में
Reviewed by मधेपुरा टाइम्स
on
October 28, 2026
Rating:
No comments: