दीपावली पर आज भी कायम है मिट्टी के दीये बनाने की पुरानी परंपरा: सजावटी लाइटों के बीच मिट्टी के दीयों की अलग पहचान
मधेपुरा जिला के घैलाढ़ प्रखंड में
दीपावली का त्योहार नजदीक आते ही घैलाढ़ प्रखंड क्षेत्र में पुरानी परंपराओं की रौनक दिखाई देने लगी है। आधुनिकता के इस दौर में जहां बाजार रंग-बिरंगी बिजली की झालरों, आकर्षक लाइटों और इलेक्ट्रॉनिक सजावटी सामानों से सजने लगे हैं, वहीं मिट्टी के दीये बनाने की सदियों पुरानी परंपरा आज भी बरकरार है। प्रखंड क्षेत्र के कुम्हार परिवार दीपावली को लेकर मिट्टी के दीये बनाने में जुट गए हैं। घरों और आंगन में चाक की घूमती रफ्तार के साथ कुम्हार परिवार त्योहार की तैयारी में दिन-रात मेहनत कर रहे हैं।
कुम्हारों के लिए दीपावली केवल त्योहार ही नहीं, बल्कि सालभर की मेहनत से कुछ अतिरिक्त आमदनी जुटाने का एक महत्वपूर्ण अवसर भी है। मिट्टी को गूंथकर चाक पर दीये का आकार देना, उन्हें धूप में सुखाना और फिर पकाकर बाजार में बिक्री के लिए तैयार करना उनकी पारंपरिक कला का हिस्सा है। परिवार के पुरुषों के साथ महिलाएं भी दीये बनाने, सुखाने और सजाने में सहयोग कर रही हैं। छोटे-बड़े आकार के दीये तैयार किए जा रहे हैं, ताकि लोग अपनी जरूरत और पसंद के अनुसार खरीदारी कर सकें।
कुम्हारों का कहना है कि बदलते समय के साथ बाजार में बिजली की झालरों और आधुनिक सजावटी सामानों का चलन काफी बढ़ा है, लेकिन पूजा-पाठ और दीपावली में मिट्टी के दीयों का महत्व आज भी कम नहीं हुआ है। दीपावली पर घरों, मंदिरों और आंगन में मिट्टी के दीये जलाने की परंपरा लोगों की आस्था और संस्कृति से जुड़ी हुई है। यही वजह है कि हर साल इस अवसर पर मिट्टी के दीयों की मांग बनी रहती है।
हालांकि, कुम्हारों को मिट्टी की उपलब्धता, बढ़ती लागत और मेहनत के अनुरूप उचित कीमत नहीं मिलने जैसी चुनौतियों का सामना करना पड़ता है। इसके बावजूद वे अपनी पुश्तैनी कला और परंपरा को जीवित रखने में लगे हैं। उनका कहना है कि यदि लोग दीपावली पर अधिक से अधिक मिट्टी के दीये खरीदें तो इससे स्थानीय कारीगरों को रोजगार मिलेगा और हमारी पुरानी सांस्कृतिक विरासत भी सुरक्षित रहेगी।
दीपावली रोशनी, खुशियों और आपसी प्रेम का त्योहार है। ऐसे में मिट्टी के दीये जलाना केवल घर को रोशन करना नहीं, बल्कि उन कारीगरों के घरों में भी खुशियों का उजाला पहुंचाना है, जो अपनी मेहनत और हुनर से इस परंपरा को पीढ़ी-दर-पीढ़ी आगे बढ़ा रहे।
(रिपोर्ट: लालेंद्र कुमार)
दीपावली पर आज भी कायम है मिट्टी के दीये बनाने की पुरानी परंपरा: सजावटी लाइटों के बीच मिट्टी के दीयों की अलग पहचान
Reviewed by मधेपुरा टाइम्स
on
November 05, 2026
Rating:
No comments: