के पी महाविद्यालय के संस्थापक प्राध्यापक प्रो. त्रिवेणी प्रसाद साह का निधन, शिक्षा जगत में शोक


मुरलीगंज। केपी महाविद्यालय के अर्थशास्त्र विभाग के संस्थापक प्राध्यापक प्रोफेसर त्रिवेणी प्रसाद साह का गुरुवार को 86 वर्ष की उम्र में निधन हो गया। उन्होंने दिन के करीब 3:30 बजे अंतिम सांस ली। उनके निधन की खबर से महाविद्यालय परिवार सहित शिक्षा जगत और बुद्धिजीवी वर्ग में शोक की लहर दौड़ गई। वे मूल रूप से दिघरा सवेला के निवासी थे।

प्रो. साह महाविद्यालय की स्थापना के शुरुआती दौर यानी वर्ष 1965 से ही अर्थशास्त्र विभाग में अपनी सेवाएं दे रहे थे। वर्ष 2000 में वे सेवानिवृत्त हुए। अपने लंबे शैक्षणिक कार्यकाल के दौरान उन्होंने पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ शिक्षण कार्य किया। वे बेहद शांत, गंभीर, कर्तव्यनिष्ठ और मिलनसार स्वभाव के व्यक्ति थे।पठन-पाठन के अलावा महाविद्यालय के शिक्षकों के बीच बैठकर बातचीत और विचार-विमर्श करना उन्हें विशेष रूप से पसंद था। उनका सरल व्यवहार और सहकर्मियों के साथ आत्मीय संबंध उनकी विशिष्ट पहचान थी।

उनके साथ सहकर्मी के रूप में कार्य करने वाले इतिहास विभाग के संस्थापक प्राध्यापक एवं सेवानिवृत्त शिक्षक प्रो. नगेन्द्र प्रसाद यादव ने शोक व्यक्त करते हुए कहा कि प्रो. साह का सरल स्वभाव, मृदुभाषी व्यक्तित्व, कर्तव्यनिष्ठा और शिक्षा के प्रति समर्पण सदैव स्मरणीय रहेगा। उनका निधन महाविद्यालय परिवार के लिए व्यक्तिगत क्षति है।

बताया गया कि प्रो. साह पिछले कुछ दिनों से अस्वस्थ चल रहे थे। उनका इलाज सिलीगुड़ी और पूर्णिया में कराया जा रहा था। बीमारी के दौरान ही सितंबर 2026 में उनकी पत्नी श्रीमती सरस्वती देवी का भी निधन हो गया था। वे अपने पीछे दो पुत्र, दो पुत्रियों, पौत्र-पौत्रियों सहित भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं।

उनके निधन पर केपी महाविद्यालय के सेवानिवृत्त प्राध्यापक प्रो. नगेन्द्र प्रसाद यादव, प्रो. डीएन राम, प्रो. हरिप्रसाद यादव, प्रो. जनार्दन प्रसाद यादव, प्रो. जयनन्दन प्रसाद, प्रो. नरेंद्र प्रसाद यादव, प्रो. मो. शब्बीर अहमद, हरिहर साह महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. जवाहर पासवान, सेवानिवृत्त शिक्षक प्रभात कुमार, विज्ञान शिक्षक सुनील कुमार, बिहार माध्यमिक शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष कृष्ण कुमार यादव रामजी साह पूर्व न प अध्यक्ष,सुबोध कुमार, विशाल कुमार, सौरभ कुमार सहित के पी महाविद्यालय के वर्तमान शिक्षकों एवं मुरलीगंज के बुद्धिजीवियों ने गहरी शोक संवेदना व्यक्त की।

शोक व्यक्त करने वालों ने कहा कि प्रो. त्रिवेणी प्रसाद साह का निधन शिक्षा जगत के लिए अपूरणीय क्षति है। उनका शैक्षणिक योगदान, कर्तव्यनिष्ठा और मिलनसार व्यक्तित्व लंबे समय तक लोगों के दिलों में जीवित रहेगा।
( रिपोर्ट: संजय कुमार)
के पी महाविद्यालय के संस्थापक प्राध्यापक प्रो. त्रिवेणी प्रसाद साह का निधन, शिक्षा जगत में शोक के पी महाविद्यालय के संस्थापक प्राध्यापक प्रो. त्रिवेणी प्रसाद साह का निधन, शिक्षा जगत में शोक Reviewed by मधेपुरा टाइम्स on November 05, 2026 Rating: 5

No comments:

Powered by Blogger.