होली में डीजे पर प्रतिबंध, उपद्रवियों पर रहेगी कड़ी नजर

मुरलीगंज। होली पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने को लेकर शनिवार को थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता थानाध्यक्ष अजीत कुमार ने की।

बैठक में होली के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखने, सांप्रदायिक सौहार्द कायम रखने और अफवाहों पर रोक लगाने को लेकर विस्तृत चर्चा हुई। बीडीओ गोपाल कृष्णन ने कहा कि होली आपसी भाईचारे और खुशियों का पर्व है, जिसे अनुशासन और शांति के साथ मनाया जाना चाहिए। होलिका दहन के दौरान किसी प्रकार की अप्रिय घटना नहीं हो, इसके लिए सभी से सहयोग की अपील की गई।

सीओ किसलय कुमार और थानाध्यक्ष अजीत कुमार ने स्पष्ट किया कि होली के दौरान उपद्रवियों, शराब पीकर हंगामा करने वालों तथा अफवाह फैलाने वालों पर विशेष नजर रखी जाएगी। अश्लील व फूहड़ गाने बजाने पर भी सख्त कार्रवाई होगी। प्रशासन ने डीजे पर पूर्ण प्रतिबंध की घोषणा करते हुए कहा कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कठोर कदम उठाए जाएंगे।

बैठक में उपस्थित जनप्रतिनिधियों व गणमान्य लोगों ने शहर में युवाओं के भविष्य को लेकर चिंता जताई। उन्होंने प्रशासन से ‘सूखे नशे’ के बढ़ते प्रयोग पर रोक लगाने तथा इसके कारोबार में संलिप्त लोगों के खिलाफ विशेष अभियान चलाने की मांग की। उनका कहना था कि नशे की लत से युवा पीढ़ी बर्बाद हो रही है और परिजन भी परेशान हैं।

प्रशासन ने भरोसा दिलाया कि होली के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने के साथ-साथ अवैध नशा कारोबार पर भी नजर रखी जाएगी। अंत में सभी से आपसी सौहार्द बनाए रखते हुए मिल-जुलकर त्योहार मनाने की अपील की गई।

बैठक में बीडीओ गोपाल कृष्णन, सीओ किसलय कुमार, थाना प्रभारी अजीत कुमार, डॉ. मनोज कुमार यादव, दिनेश मिश्र, सुजीत कुमार शास्त्री, प्रशांत यादव, ओमप्रकाश भगत, दयानंद शर्मा, शैलेन्द्र कुमार उर्फ कालेन्द्र, ब्रजेश यादव, राजनारायण यादव, विजय यादव, मो. आलम, मो. जब्बार, संजय सुमन, निर्मल पासवान, गुंजन कुमार समेत कई जनप्रतिनिधि व गणमान्य लोग उपस्थित थे।

होली में डीजे पर प्रतिबंध, उपद्रवियों पर रहेगी कड़ी नजर होली में डीजे पर प्रतिबंध, उपद्रवियों पर रहेगी कड़ी नजर Reviewed by मधेपुरा टाइम्स on March 01, 2026 Rating: 5

No comments:

Powered by Blogger.