एक चोर पकड़ाया, दूसरा सामान लेकर फरार: आवेदन नहीं मिलने पर छोड़े जाने की चर्चा

मधेपुरा जिला के घैलाढ़ ओपी क्षेत्र के कमलपुर गांव में गुरुवार देर रात किराना दुकानदार जयजयराम मेहता की दुकान में चोरी करते एक युवक को ग्रामीणों ने रंगे हाथ पकड़ लिया। पकड़े गए युवक को ग्रामीणों ने चोरी के सामान के साथ पुलिस के हवाले कर दिया। जबकि उसका एक साथी करीब 10 हजार रुपए मूल्य का सामान लेकर अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया।

ग्रामीणों के अनुसार देर रात दुकान से खटपट की आवाज सुनाई दी। इसके बाद आसपास के लोग जुटे और घेराबंदी कर एक चोर को पकड़ लिया। उसके पास से चोरी का सामान भी बरामद किया गया। सूचना पर घैलाढ़ ओपी पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में लेकर ओपी लाई। 

घटना का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें ग्रामीणों द्वारा पकड़े गए युवक को दिखाया जा रहा है। इसके बावजूद आरोपियों को छोड़े जाने की चर्चा से लोगों में आक्रोश है स्थानीय लोगों का आरोप है कि कुछ बिचौलियों ने दोनों पक्षों में समझौता कराने की कोशिश की और दुकानदार पर आवेदन नहीं देने का दबाव बनाया गया। इस संबंध में ओपी अध्यक्ष ने कहा कि लिखित आवेदन नहीं मिलने के कारण आगे की कार्रवाई संभव नहीं हो सकी।

लगातार हो रही चोरी की घटनाओं और फिर आरोपियों के छूट जाने से ग्रामीणों में नाराजगी है। लोगों का कहना है कि यदि सख्त कार्रवाई नहीं हुई तो क्षेत्र में अपराधियों का मनोबल बढ़ेगा। ग्रामीणों ने मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

एक चोर पकड़ाया, दूसरा सामान लेकर फरार: आवेदन नहीं मिलने पर छोड़े जाने की चर्चा एक चोर पकड़ाया,  दूसरा सामान लेकर फरार: आवेदन नहीं मिलने पर छोड़े जाने की चर्चा Reviewed by मधेपुरा टाइम्स on February 27, 2026 Rating: 5

No comments:

Powered by Blogger.