सहयोग शिविर में पहुंचीं प्रभारी मंत्री, कहा- अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता

मुरलीगंज (मधेपुरा)। प्रखंड क्षेत्र के कोल्हायपट्टी डुमरिया, प्रखंड कार्यालय परिसर तथा रजनी पंचायत में मंगलवार को आयोजित सहयोग-सह-जनकल्याण शिविर में बड़ी संख्या में लोगों ने पहुंचकर विभिन्न विभागों से जुड़ी समस्याओं और आवेदनों को रखा। शिविर में लोगों को सरकारी योजनाओं की जानकारी देने के साथ-साथ कई मामलों का मौके पर ही निष्पादन भी किया गया।

कोल्हायपट्टी पंचायत सरकार भवन में आयोजित शिविर में जिले की प्रभारी मंत्री शीला मंडल ने पहुंचकर कार्यक्रम का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने लाभुकों के बीच जन्म प्रमाण पत्र, मृत्यु प्रमाण पत्र समेत अन्य आवश्यक दस्तावेजों का वितरण किया। शिविर में जिलाधिकारी अभिषेक रंजन, पुलिस अधीक्षक संदीप सिंह, अनुमंडल पदाधिकारी संतोष कुमार सहित कई प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।

शिविर को संबोधित करते हुए प्रभारी मंत्री शीला मंडल ने कहा कि सरकार की मंशा है कि समाज के अंतिम पायदान पर बैठे गरीब, वंचित एवं जरूरतमंद लोगों तक सरकारी योजनाओं का लाभ सीधे पहुंचे। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे अपनी समस्याओं और शिकायतों को बिना संकोच शिविर में रखें, ताकि उनका समयबद्ध एवं पारदर्शी तरीके से समाधान किया जा सके।

उन्होंने कहा कि न्याय के साथ विकास सरकार की प्राथमिकता है। इसी उद्देश्य से राज्यभर में सहयोग-सह-जनकल्याण शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। मंत्री ने कहा कि लोगों का इन शिविरों के प्रति विश्वास बढ़ा है और अब उन्हें भरोसा होने लगा है कि उनकी समस्याओं का समाधान एक ही स्थान पर संभव है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि आमजन से जुड़े मामलों का निर्धारित समय सीमा के भीतर निष्पादन सुनिश्चित किया जाए।

जिलाधिकारी अभिषेक रंजन ने कहा कि सहयोग शिविर का मुख्य उद्देश्य लोगों को सरकारी कार्यालयों के बार-बार चक्कर लगाने से राहत दिलाना तथा विभिन्न विभागों की सेवाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध कराना है। उन्होंने बताया कि शिविर में प्राप्त आवेदनों का प्राथमिकता के आधार पर निष्पादन किया जा रहा है तथा संबंधित विभागों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।

शिविर के दौरान सामाजिक सुरक्षा पेंशन, आयुष्मान भारत कार्ड, राशन कार्ड, प्रधानमंत्री आवास योजना, कृषि, राजस्व, नल-जल योजना समेत विभिन्न विभागों के काउंटर लगाए गए थे। लोगों ने अपनी समस्याओं एवं आवेदन संबंधित विभागों के समक्ष प्रस्तुत किए। कई मामलों का मौके पर ही निपटारा किया गया, जबकि अन्य आवेदनों को आवश्यक कार्रवाई के लिए संबंधित विभागों को अग्रसारित किया गया।

मौके पर बीडीओ गोपाल कृष्णन, सीओ किसलय कुमार, बीपीआरओ चंदन सिंह, एमओ विशाल ठाकुर, जीविका के बीपीएम रिशु अर्नेस्ट सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद थे।

सहयोग शिविर में पहुंचीं प्रभारी मंत्री, कहा- अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता सहयोग शिविर में पहुंचीं प्रभारी मंत्री, कहा- अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता Reviewed by मधेपुरा टाइम्स on June 16, 2026 Rating: 5

No comments:

Powered by Blogger.