मुरलीगंज। प्रखंड मुख्यालय स्थित पुराना सभा भवन शुक्रवार को नगर पंचायत मुरलीगंज की सशक्त स्थायी समिति के चुनाव का केंद्र बना, जहां कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच शांतिपूर्ण तरीके से निर्वाचन प्रक्रिया संपन्न हुई। सशक्त स्थायी समिति के तीन पदों के लिए हुए चुनाव में सभी प्रत्याशी निर्विरोध निर्वाचित घोषित किए गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार चुनाव को निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रेक्षक के रूप में मो. फैजान सरवर की नियुक्ति की गई थी। वहीं निर्वाचित सदस्यों को शपथ दिलाने के लिए अपर समाहर्ता (आपदा प्रबंधन) मधेपुरा मौजूद रहे। प्रथम पद के लिए प्रखंड पदाधिकारी मुरलीगंज, दूसरे पद के लिए बीडीओ कुमारखंड तथा तीसरे पद के लिए बीपीआरओ शंकर को पदाधिकारी के रूप में प्रतिनियुक्त किया गया था।
निर्वाचन प्रक्रिया के दौरान सशक्त स्थायी समिति के तीन पदों के लिए वार्ड संख्या 4 की पार्षद आशा देवी, वार्ड संख्या 6 की पार्षद प्रियंका कुमारी तथा वार्ड संख्या 13 के पार्षद जगदीश साह ने नामांकन पत्र दाखिल किया। निर्धारित समय सीमा तक इनके विरुद्ध किसी अन्य पार्षद द्वारा नामांकन दाखिल नहीं किए जाने के कारण तीनों प्रत्याशियों को निर्विरोध निर्वाचित घोषित कर दिया गया।
निर्वाचन को लेकर प्रखंड मुख्यालय में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। निर्वाचन परिणाम घोषित होने के बाद पद एवं गोपनीयता की शपथ लेने उपरांत जैसे ही तीनों निर्वाचित सदस्य बाहर निकले, समर्थकों ने फूल-मालाओं से उनका स्वागत किया तथा बधाई दी।
इस मौके पर पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष श्वेत कमल उर्फ बौआ यादव ने कहा कि तीनों निर्वाचित सदस्य अनुभवी एवं सक्रिय जनप्रतिनिधि हैं। सभी पार्षदों की सर्वसम्मति से इनका चयन होना नगर पंचायत के बेहतर भविष्य का संकेत है। उन्होंने आशा व्यक्त की कि नगर पंचायत अध्यक्ष सर्जन सिद्धि के नेतृत्व में विकास कार्यों को नई गति मिलेगी।
वहीं पार्षद प्रतिनिधि मनोज यादव ने भी सभी निर्वाचित सदस्यों को बधाई देते हुए कहा कि अनुभवी लोगों का निर्विरोध चयन इस बात का प्रमाण है कि आने वाले समय में नगर पंचायत क्षेत्र के समग्र विकास एवं जनसमस्याओं के समाधान पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
मौके पर पार्षद शैलेंद्र कुमार उर्फ कैलेंडर यादव, सुजीत कुमार शास्त्री, पवन यादव, निर्मल कुमार, गजेंद्र पासवान, शंकर रजक, बृजेश यादव, शाहिद सहित सभी वार्ड पार्षद एवं सैकड़ों समर्थक मौजूद रहे।
(रिपोर्ट: संजय कुमार)
मुरलीगंज नगर पंचायत की सशक्त स्थायी समिति का चुनाव संपन्न, तीन सदस्य निर्विरोध निर्वाचित
Reviewed by मधेपुरा टाइम्स
on
May 29, 2026
Rating:
No comments: