मधेपुरा सिविल कोर्ट के नए भवन को अत्याधुनिक सुविधा से लैस तो बना दिया गया है, परन्तु तकनीकी सुविधाओं के प्रयोग में आम लोगों द्वारा निर्देशों का पालन नहीं किए जाने से यदा कदा समस्या उत्पन्न होती रहती है। खासकर नव निर्मित भवन, जिसका उद्घाटन विगत 3 मई को पटना हाई कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश के द्वारा सम्पन्न हुआ था, में बने लिफ्ट के जाम हो जाने से कभी कभी बड़ी समस्या उत्पन्न हो जाती है।
बुधवार को एक बार फिर क्षमता से करीब दो गुना लोगों के एक लिफ्ट में चढ़ जाने से लिफ्ट जाम हो गया और कई लोग अंदर फँस गए। कोर्ट के अधिकारी, कर्मचारी और अधिवक्ताओं की सूझबूझ और प्रयास से अंदर फँसे सभी लोगों को बारी बारी से सुरक्षित निकाल लिया गया। मधेपुरा के प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश गुरविंदर सिंह मल्होत्रा स्वयं ही मामले की गंभीरता को देखते हुए मौके पर मौजूद रहे और संबंधित अधिकारियों को निर्देश देते दिखे।
मौके पर मौजूद लिफ्टमैन सुधीर कुमार ने बताया कि बार बार मना करने के बावजूद लिफ्ट में जबरन बहुत अधिक लोग सवार हो जाते हैं। कई बार लोग लिफ्टमैन को भी अंदर नहीं रहने देते हैं। ऐसे में लिफ्टमैन ने ठोस स्थायी व्यवस्था होने तक लिफ्ट को तत्काल रूप से बंद करने की गुहार लगाई है।
जाहिर है, सरकारी भवनों में आम लोगों की सुविधाओं के लिए लगे संयंत्रों के सही ढंग से काम करने के लिए आमलोगों का सहयोग भी उतना ही आवश्यक है।
(रिपोर्ट: मुरारी सिंह)
निर्देशों की अवेहलना कर क्षमता से अधिक लोग चढ़ रहे लिफ्ट में, हादसे को आमंत्रण
Reviewed by मधेपुरा टाइम्स
on
June 10, 2026
Rating:
No comments: