घटना की सूचना मिलते ही कॉलेज परिसर में अफरा-तफरी मच गई। छात्र-छात्राओं की भारी भीड़ हॉस्टल के बाहर जुट गई। सूचना पर सदर थाना और सिंहेश्वर थाना की पुलिस, साथ ही प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लैब) टीम ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर सूक्ष्म जांच शुरू कर दी है, ताकि मौत के कारणों का पता लगाया जा सके।
मिली जानकारी के अनुसार, खुशबू एक कमरे में दो अन्य छात्राओं के साथ रहती थी। दोपहर में उसकी दोनों रूममेट्स क्लास के लिए चली गई थीं। जब वे लौटकर आईं तो कमरे का गेट अंदर से बंद था। काफी प्रयास के बाद भी दरवाजा नहीं खुला, जिसके बाद इसकी सूचना कॉलेज प्रबंधन को दी गई। गेट तोड़े जाने पर अंदर का दृश्य देखकर सभी स्तब्ध रह गए. खुशबू खिड़की के रॉड में लाल गमछे से बने फंदे से लटकी हुई थी।
घटना की जानकारी तत्काल कॉलेज प्रिंसिपल को दी गई, जो उस समय पटना में एक मीटिंग में थे। सूचना मिलने के बाद वे पटना से मधेपुरा के लिए रवाना हो गए हैं। बताया जा रहा है कि हॉस्टल में फिलहाल 208 छात्राएं रह रही थीं। मृतका एक प्रतिभाशाली खिलाड़ी भी थी और 10 फरवरी को कोसी डिवीजन से चयनित होकर स्टेट लेवल कबड्डी प्रतियोगिता में भाग लेने पटना जाने वाली थी, जिससे घटना को लेकर संदेह और गहरा गया है।
इधर, घटना के बाद छात्रों में जबरदस्त आक्रोश देखने को मिला। पुलिस और प्रशासन शव को पोस्टमार्टम के लिए ले जाने की तैयारी कर रहे थे, लेकिन छात्रों ने मृतका के परिजनों के आने तक शव नहीं उठाने की मांग पर अड़ गए। इस दौरान छात्रों ने एंबुलेंस को घेर लिया और नारेबाजी शुरू कर दी। सदर एसडीएम और एएसपी ने काफी समझाने का प्रयास किया, लेकिन छात्र नहीं माने।
पुलिस अधिकारियों ने छात्रों को बताया कि मृतका के परिजनों से बात हो चुकी है, लेकिन छात्रों ने परिजनों से सामने बात कराने की मांग की। मोबाइल पर बात कराए जाने के बाद उधर से कहा गया कि परिजन के पहुंचने से पहले शव नहीं उठाया जाए, जिससे छात्रों का आक्रोश और भड़क गया।
मौके पर सदर एसडीएम, एएसपी प्रवेंद्र भारती, मुख्यालय डीएसपी सहित कई वरिष्ठ अधिकारी कैंप कर स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। एएसपी प्रवेंद्र भारती ने बताया कि मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट व एफएसएल जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो पाएगी। फिलहाल कॉलेज परिसर में शोक और तनाव का माहौल है।
Reviewed by मधेपुरा टाइम्स
on
February 02, 2026
Rating:


No comments: