दो साल से अधूरा सामुदायिक शौचालय, 200 लोगों को नहीं मिल रही सुविधा

मुरलीगंज प्रखंड अंतर्गत भतखोड़ा पंचायत के भैरोपट्टी वार्ड 11 स्थित महादलित टोला में षष्टम वित्त योजना से बन रहा सामुदायिक शौचालय दो वर्षों से अधूरा पड़ा है। करीब 200 की आबादी वाले इस टोला के लिए चार कमरों का शौचालय बनाया गया, जिसमें चार सीटें तो लगा दी गई हैं, लेकिन दरवाजे नहीं लगाए गए हैं और पानी की कोई व्यवस्था नहीं है।

निर्माण स्थल पर प्राक्कलन राशि का बोर्ड भी नहीं लगाया गया है। जानकारी के अनुसार योजना की स्वीकृत राशि छह लाख रुपये थी, हालांकि पूरे पैसे का उठाव नहीं हुआ है। ग्रामीणों का आरोप है कि निर्माण में घटिया सामग्री का इस्तेमाल किया गया, जिससे भवन प्रारंभ होने से पहले ही जर्जर दिखने लगा है।

ग्रामीण विकास मित्र सुमन कुमार भारती, रेखा देवी, अनार देवी, तारा देवी, अघनी देवी, सीमा देवी, सुरजी देवी, रिंकू देवी और समसा देवी समेत अन्य लोगों ने प्रशासन से अविलंब जांच कर कार्य पूरा कराने की मांग की है। उनका कहना है कि दो वर्षों से निर्माण कार्य चल रहा है, लेकिन अब तक शौचालय उपयोग के योग्य नहीं बन पाया है।

सुमन कुमार भारती ने बताया कि इस संबंध में बीडीओ गोपाल कृष्णन से शिकायत की गई थी, पर उन्होंने अनभिज्ञता जताते हुए प्रखंड प्रमुख से संपर्क करने को कहा। ग्रामीणों ने मांग की है कि प्रशासनिक हस्तक्षेप कर शीघ्र शौचालय को पूर्ण कराया जाए, ताकि महादलित टोला के लोगों को मूलभूत सुविधा मिल सके.



दो साल से अधूरा सामुदायिक शौचालय, 200 लोगों को नहीं मिल रही सुविधा दो साल से अधूरा सामुदायिक शौचालय, 200 लोगों को नहीं मिल रही सुविधा Reviewed by मधेपुरा टाइम्स on February 25, 2026 Rating: 5

No comments:

Powered by Blogger.