सड़क हादसा: छह वर्षीय बालक की मौत, दो घायल

कुमारखंड थाना क्षेत्र अंतर्गत धर्मकांटा के समीप स्टेट हाईवे-91 पर सोमवार दोपहर करीब साढ़े तीन बजे हुई सड़क दुर्घटना में छह वर्षीय बालक की मौत हो गई, जबकि बाइक चालक समेत दो लोग घायल हो गए।

बताया गया कि सुपौल जिले के त्रिवेणीगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत शिवनगर वार्ड-9 निवासी अरुण कुमार चौधरी अपनी बाइक से रिश्तेदार कुंदन कुमार को पीछे बैठाकर रहटा स्थित रिश्तेदार के घर जा रहे थे। इसी दौरान जैसे ही वे कुमारखंड धर्मकांटा के समीप पहुंचे, अचानक एक बालक सड़क पर दौड़ता हुआ आ गया। बाइक अनियंत्रित होकर बालक को जोरदार टक्कर मार दी।

हादसे में छह वर्षीय शशि कुमार गंभीर रूप से घायल हो गया, वहीं बाइक चालक और पीछे बैठे व्यक्ति भी चोटिल हो गए। स्थानीय ग्रामीणों की मदद से सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कुमारखंड में भर्ती कराया गया। वहां ड्यूटी पर तैनात चिकित्सक ने प्राथमिक उपचार के बाद शशि कुमार की गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल मधेपुरा रेफर कर दिया।

सदर अस्पताल ले जाने के दौरान रास्ते में ही बालक की मौत हो गई। मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। मृतक की पहचान सिहपुर गढ़िया वार्ड-6 निवासी रिक्कू ऋषिदेव के छह वर्षीय पुत्र शशि कुमार के रूप में हुई है। थानाध्यक्ष रंजन कुमार ने बताया कि सड़क दुर्घटना में एक बालक की मौत की सूचना मिली है। पुलिस पदाधिकारी को मौके पर भेजा गया है। आवेदन प्राप्त होते ही आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

(रिपोर्ट: मीना कुमारी/ मधेपुरा टाइम्स)

सड़क हादसा: छह वर्षीय बालक की मौत, दो घायल सड़क हादसा: छह वर्षीय बालक की मौत, दो घायल Reviewed by मधेपुरा टाइम्स on February 02, 2026 Rating: 5

No comments:

Powered by Blogger.