मुरलीगंज में गैस आपूर्ति पर डीएम का औचक निरीक्षण, अफवाहों पर लगाया विराम

मुरलीगंज (मधेपुरा)। घरेलू गैस की किल्लत की अफवाहों के बीच जिला प्रशासन अलर्ट मोड में नजर आया। अभिषेक रंजन (जिलाधिकारी, मधेपुरा) ने मुरलीगंज स्थित त्रिमूर्ति एचपी गैस एजेंसी का औचक निरीक्षण कर आपूर्ति व्यवस्था का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान सिलेंडरों के स्टॉक, वितरण प्रणाली, गोदाम की स्थिति एवं सुरक्षा मानकों की बारीकी से जांच की गई। इस अवसर पर एडीएसओ अभिषेक कुमार, बीडीओ गोपाल कृष्ण सहित अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।

अफवाहों से बढ़ी भीड़, आपूर्ति सामान्य

हाल के दिनों में ईरान-इजरायल के बीच जारी तनाव को लेकर गैस आपूर्ति प्रभावित होने की आशंका से उपभोक्ताओं में संशय की स्थिति उत्पन्न हो गई थी। इसी कारण बड़ी संख्या में लोग सीधे गैस गोदाम पहुंचकर सिलेंडर लेने लगे, जिससे लंबी कतारें देखी गईं।

एजेंसी के प्रोपराइटर संजीव कुमार ने बताया कि प्रतिदिन लगभग 400 सिलेंडरों की डिलीवरी की जा रही है। गैस की कोई वास्तविक कमी नहीं है। नियमानुसार ऑनलाइन बुकिंग के दो से तीन दिन के भीतर उपभोक्ताओं को डिलीवरी दी जा रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि बिना बुकिंग या पर्ची के किसी को सिलेंडर नहीं दिया जा रहा है। फिलहाल कमर्शियल सिलेंडर की आपूर्ति बंद है।

डीएम की अपील– घबराएं नहीं उपभोक्ता

निरीक्षण के बाद जिलाधिकारी अभिषेक रंजन ने कहा कि गैस की आपूर्ति श्रृंखला पूरी तरह सुचारू है और पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है। मांग अचानक बढ़ने से वितरण में थोड़ी व्यस्तता जरूर दिख रही है, लेकिन किसी प्रकार की कमी नहीं है। उन्होंने उपभोक्ताओं से अफवाहों पर ध्यान न देने और पैनिक न होने की अपील की।

कालाबाजारी व अवैध रिफिलिंग पर सख्ती

डीएम ने स्पष्ट निर्देश दिया कि यदि कोई व्यक्ति या एजेंसी अफवाह का लाभ उठाकर कालाबाजारी करती पाई गई तो उसके विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों को वितरण व्यवस्था पारदर्शी बनाने और उपभोक्ताओं को अनावश्यक प्रतीक्षा से बचाने का निर्देश दिया गया है।

वहीं, कतार में लगे कुछ उपभोक्ताओं ने आरोप लगाया कि उज्ज्वला योजना के कुछ पुराने उपभोक्ता एक साथ सिलेंडर भरवाकर ऊंचे दामों पर बेच रहे हैं। साथ ही, कई स्थानों पर ऑटो चालकों द्वारा एलपीजी की अवैध रिफिलिंग कर संचालन किए जाने की भी चर्चा है। प्रशासन ने ऐसे मामलों की जांच कर कार्रवाई का भरोसा दिलाया है।

मुरलीगंज में गैस आपूर्ति पर डीएम का औचक निरीक्षण, अफवाहों पर लगाया विराम मुरलीगंज में गैस आपूर्ति पर डीएम का औचक निरीक्षण, अफवाहों पर लगाया विराम Reviewed by मधेपुरा टाइम्स on March 18, 2026 Rating: 5

No comments:

Powered by Blogger.