सांसद पप्पू यादव ने रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव को लिखा पत्र, पटना–पूर्णिया के बीच चलने वाली ट्रेन के दोनों दिशाओं में नियमित ठहराव की उठाई मांग
मुरलीगंज (मधेपुरा)। कोसी और सीमांचल के रेल यात्रियों के लिए राहत की उम्मीद जगी है। पटना–पूर्णिया के बीच संचालित वंदे भारत एक्सप्रेस का मुरलीगंज रेलवे स्टेशन पर नियमित ठहराव सुनिश्चित कराने की मांग तेज हो गई है। पूर्णिया के सांसद राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव ने केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव को पत्र लिखकर ट्रेन संख्या 26301 और 26302 का मुरलीगंज स्टेशन पर दोनों दिशाओं में कम-से-कम दो-दो मिनट का ठहराव देने का आग्रह किया है।
मुरलीगंज को मिलेगी तेज रेल कनेक्टिविटी
सांसद ने अपने पत्र में मुरलीगंज को मधेपुरा जिले का महत्वपूर्ण नगर और व्यावसायिक केंद्र बताते हुए कहा है कि यह इलाका आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों और प्रखंडों के लिए आवागमन का प्रमुख केंद्र है। यहां से बड़ी संख्या में विद्यार्थी, व्यापारी, नौकरीपेशा लोग, मरीज और आम नागरिक पूर्णिया, सहरसा, पटना सहित अन्य प्रमुख शहरों की यात्रा करते हैं।
ऐसे में वंदे भारत एक्सप्रेस का ठहराव नहीं होना क्षेत्र के यात्रियों को आधुनिक और तेज रेल सेवा के लाभ से वंचित कर रहा है। मुरलीगंज में ठहराव मिलने से न केवल स्थानीय यात्रियों को सुविधा होगी, बल्कि आसपास के विस्तृत ग्रामीण इलाके के लोगों को भी पटना और पूर्णिया के लिए बेहतर रेल संपर्क उपलब्ध हो सकेगा।
व्यापार, शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं को मिलेगा बढ़ावा
सांसद ने रेल मंत्री का ध्यान आकृष्ट कराते हुए कहा कि मुरलीगंज में वंदे भारत एक्सप्रेस के ठहराव से स्थानीय व्यापारिक गतिविधियों, शिक्षा, स्वास्थ्य सेवाओं और रोजगार से जुड़े लोगों को प्रत्यक्ष लाभ मिल सकता है। यात्रियों को दूसरे स्टेशनों तक पहुंचने के लिए अनावश्यक सड़क यात्रा भी नहीं करनी पड़ेगी।
क्षेत्रीय विकास की दृष्टि से भी इस ठहराव को महत्वपूर्ण माना जा रहा है। बेहतर रेल कनेक्टिविटी से लोगों का समय बचेगा और प्रमुख शहरों तक पहुंच आसान होगी।
रेलवे बोर्ड और जोन को निर्देश देने का आग्रह
पत्र में सांसद पप्पू यादव ने रेल मंत्री से अनुरोध किया है कि ट्रेन संख्या 26301 एवं 26302 का मुरलीगंज रेलवे स्टेशन पर दोनों दिशाओं में नियमित ठहराव सुनिश्चित करने के लिए रेलवे बोर्ड तथा संबंधित रेलवे जोन को आवश्यक निर्देश दिए जाएं।
उन्होंने यह भी सुझाव दिया कि जरूरत पड़ने पर रेलवे मुरलीगंज स्टेशन पर यात्रियों की संख्या, संभावित राजस्व, आसपास के क्षेत्र से यात्री आवागमन और परिचालन संबंधी तकनीकी पहलुओं का सर्वेक्षण कराकर शीघ्र निर्णय ले।
अब रेलवे के फैसले पर टिकी निगाहें
मुरलीगंज में वंदे भारत एक्सप्रेस के ठहराव की मांग पूरी होने पर कोसी-सीमांचल क्षेत्र के यात्रियों को तेज और सुविधाजनक रेल सेवा का लाभ मिल सकता है। फिलहाल इस संबंध में सांसद ने रेल मंत्री से पहल करने की अपील की है। अब क्षेत्र के लोगों की निगाहें रेलवे के संभावित निर्णय पर टिकी हैं।
(रिपोर्ट: संजय कुमार)
मुरलीगंज में रुकेगी वंदे भारत एक्सप्रेस! सीमांचल की रफ्तार को मिलेगी नई उड़ान
Reviewed by मधेपुरा टाइम्स
on
October 28, 2026
Rating:
No comments: