गुमशुदगी की झूठी शिकायत देकर पुलिस को गुमराह करने का प्रयास, छोटी बहन के बयान से खुला राज; आरोपी गिरफ्तार
मधेपुरा जिले के शंकरपुर थाना क्षेत्र के गौररहा गांव में नाबालिग बेटी की हत्या के मामले का पुलिस ने खुलासा किया है। पुलिस के अनुसार, प्रेम प्रसंग की जानकारी सामने आने और सामाजिक बदनामी के डर से पिता दिनेश कुमार (35) ने अपनी बेटी की हत्या कर शव बहरारी नदी में फेंक दिया। मामले में पुलिस ने आरोपी पिता को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। हालांकि, मृतका का शव और हत्या में इस्तेमाल हथियार अब तक बरामद नहीं हुआ है।
पुलिस अधीक्षक कार्यालय से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, गौररहा गांव के वार्ड नंबर-4 निवासी दिनेश कुमार ने 11 अक्टूबर को शंकरपुर थाने में आवेदन देकर बताया था कि उसकी बेटी घास काटने गई थी और लापता हो गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के दौरान परिजनों के बयानों में विरोधाभास मिलने और ग्रामीणों से सूचना प्राप्त होने के बाद पुलिस ने मामले की गहन छानबीन की।
पुलिस के अनुसार, पूछताछ के दौरान मृतका की छोटी बहन ने अपने पिता पर हत्या करने का आरोप लगाया। इसके बाद हिरासत में पूछताछ में आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार किया। पुलिस को उसने बताया कि बेटी का पड़ोस के एक युवक से प्रेम प्रसंग था, जिससे वह नाराज था। इसी कारण 7 और 8 अक्टूबर की मध्यरात्रि में घर में सो रही बेटी की धारदार हथियार से हत्या कर दी।
पुलिस के मुताबिक, हत्या के बाद आरोपी ने शव को बोरी में रखकर मोटरसाइकिल से बहरारी नदी में फेंक दिया। साक्ष्य मिटाने के लिए खून से सने बिस्तर और कपड़े भी जला दिए। पुलिस टीम गोताखोरों की मदद से नदी में शव की तलाश कर रही है। हत्या में इस्तेमाल हथियार की बरामदगी के प्रयास भी जारी हैं।
मामले के उद्भेदन में शंकरपुर थानाध्यक्ष राजीव कुमार, पुलिस अवर निरीक्षक शैलेन्द्र कुमार रंजन और मधेपुरा डीआईयू की टीम ने भूमिका निभाई। पुलिस अन्य संभावित संलिप्तता की भी जांच कर रही है।
(रिपोर्ट: मुकेश कुमार)
ऑनर किलिंग: पिता ने की नाबालिग बेटी की हत्या, शव नदी में फेंका
Reviewed by मधेपुरा टाइम्स
on
October 13, 2026
Rating:
No comments: