मुरलीगंज में वंदे भारत के ठहराव की माँग, रेलवे बोर्ड सदस्य से मिले चैंबर सचिव


मुरलीगंज। मुरलीगंज रेलवे स्टेशन पर वंदे भारत एक्सप्रेस के ठहराव की मांग को लेकर मुरलीगंज चैंबर ऑफ कॉमर्स ने पहल तेज कर दी है। चैंबर के सचिव विनोद बाफना ने दिल्ली में रेलवे बोर्ड के परिचालन एवं व्यवसाय विकास सदस्य मनोज सिंह से मुलाकात कर ट्रेन संख्या 26301/26302 वंदे भारत एक्सप्रेस का मुरलीगंज स्टेशन पर ठहराव देने की मांग रखी। इस संबंध में चैंबर की ओर से 30 सितंबर को पत्र भी सौंपा गया।

चैंबर सचिव ने बताया कि मुरलीगंज कोसी क्षेत्र का प्रमुख व्यापारिक एवं शैक्षणिक केंद्र है। यहां के रेलवे स्टेशन पर मुरलीगंज के अलावा कुमारखंड, बिहारीगंज, जदिया, उदाकिशुनगंज सहित आसपास के क्षेत्रों के बड़ी संख्या में यात्री निर्भर हैं। वंदे भारत का ठहराव नहीं होने के कारण व्यापारियों, नौकरीपेशा लोगों, विद्यार्थियों, मरीजों एवं आम यात्रियों को परेशानी होती है।

सांसद व मुख्यमंत्री की अनुशंसा का दिया हवाला

श्री बाफना ने बताया कि रेलवे बोर्ड सदस्य के समक्ष उन्होंने सांसद की अनुशंसा से संबंधित पत्र के साथ मुख्यमंत्री की ओर से मुरलीगंज में ट्रेन के ठहराव के लिए भेजे गए अनुशंसा पत्र की जानकारी भी दी। उन्होंने ट्रेन के परिचालन और यात्रियों की सुविधा से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर भी चर्चा की।

उन्होंने कहा कि सहरसा के बाद ट्रेन के अपेक्षाकृत कम यात्री होने की स्थिति को देखते हुए मुरलीगंज में ठहराव उपयोगी हो सकता है। सहरसा से राज्यरानी एक्सप्रेस के परिचालन और उसके समय का भी हवाला देते हुए उन्होंने कहा कि मुरलीगंज में ठहराव से जोगबनी, पूर्णिया, बनमनखी और मधेपुरा क्षेत्र के यात्रियों को भी बेहतर कनेक्टिविटी मिल सकती है।

बुकिंग रिकॉर्ड और कारोबार का भी दिया हवाला

चैंबर सचिव ने बताया कि बातचीत के दौरान मुरलीगंज स्टेशन के बुकिंग रिकॉर्ड का भी उल्लेख किया गया। उन्होंने कहा कि यात्रियों की संख्या और व्यावसायिक गतिविधियों के लिहाज से मुरलीगंज महत्वपूर्ण स्टेशन है। उन्होंने मुरलीगंज को क्षेत्र की बड़ी व्यावसायिक मंडी बताते हुए यहां से होने वाले बड़े व्यापारिक कारोबार का भी हवाला दिया।

श्री बाफना के अनुसार, रेलवे बोर्ड सदस्य मनोज सिंह ने अपने कंप्यूटर पर ट्रेन के परिचालन एवं रूट से संबंधित जानकारी देखने के बाद सुझाव दिया कि हाजीपुर मंडल के जीएम की ओर से ठहराव के संबंध में अनुमोदन पत्र भेजा जाए। इसके बाद इस दिशा में आगे की कार्रवाई सुनिश्चित किए जाने की बात कही गई।
चैंबर सचिव ने उम्मीद जताई कि आवश्यक अनुमोदन की प्रक्रिया पूरी होने के बाद मुरलीगंज स्टेशन पर वंदे भारत एक्सप्रेस का ठहराव मिल सकेगा, जिससे मुरलीगंज सहित आसपास के क्षेत्रों के यात्रियों को तेज रेल सेवा का लाभ मिलेगा।
(रिपोर्ट: संजय कुमार)
मुरलीगंज में वंदे भारत के ठहराव की माँग, रेलवे बोर्ड सदस्य से मिले चैंबर सचिव मुरलीगंज में वंदे भारत के ठहराव की माँग, रेलवे बोर्ड सदस्य से मिले चैंबर सचिव Reviewed by मधेपुरा टाइम्स on October 01, 2026 Rating: 5

No comments:

Powered by Blogger.