मुरलीगंज में वंदे भारत के ठहराव की उम्मीद बढ़ी, तीन दिनों में रेल मंत्रालय को भेजी जाएगी अनुशंसा

मुरलीगंज, मधेपुरा। मुरलीगंज रेलवे स्टेशन पर वंदे भारत एक्सप्रेस के ठहराव की मांग को लेकर चेंबर ऑफ कॉमर्स का प्रयास तेज हो गया है। शुक्रवार को चेंबर के प्रतिनिधिमंडल ने पूर्व मध्य रेलवे, हाजीपुर के महाप्रबंधक डिम्पी गर्ग से मुलाकात का प्रयास किया। उनके व्यस्त कार्यक्रम के कारण प्रतिनिधिमंडल ने अपर महाप्रबंधक अमोद कुमार से मिलकर ट्रेन संख्या 26301/26302 के मुरलीगंज स्टेशन पर स्थायी ठहराव की मांग से संबंधित ज्ञापन सौंपा। 

प्रतिनिधिमंडल के अनुसार, अपर महाप्रबंधक ने इस दिशा में तीन दिनों के भीतर अनुशंसा रेल मंत्रालय, भारत सरकार को भेजने का आश्वासन दिया है।

चेंबर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष शिवशंकर भगत और सचिव विनोद बाफना ने बताया कि मुरलीगंज स्टेशन पर वंदे भारत एक्सप्रेस का ठहराव नहीं होने से क्षेत्र के यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। मुरलीगंज कोसी क्षेत्र का प्रमुख व्यापारिक एवं शैक्षणिक केंद्र है। यहां के अलावा उदाकिशुनगंज, बिहारीगंज, कुमारखंड, जदिया और आसपास के क्षेत्रों के हजारों यात्रियों की आवाजाही के लिए यह स्टेशन महत्वपूर्ण है।

ठहराव मिलने से व्यापार और आवागमन को मिलेगा बढ़ावा

ज्ञापन में कहा गया है कि वंदे भारत एक्सप्रेस का मुरलीगंज स्टेशन पर ठहराव मिलने से व्यापारियों, नौकरीपेशा लोगों, विद्यार्थियों, मरीजों और अन्य यात्रियों को लाभ होगा। इससे क्षेत्र की रेल कनेक्टिविटी मजबूत होने के साथ व्यापारिक गतिविधियों को भी गति मिल सकती है। प्रतिनिधिमंडल ने जनहित और क्षेत्रीय विकास को ध्यान में रखते हुए रेलवे से इस मांग पर सकारात्मक पहल करने का आग्रह किया।

चेंबर के पदाधिकारियों ने बताया कि वंदे भारत के ठहराव को लेकर बिहार के मुख्यमंत्री सचिवालय की अनुशंसा से संबंधित प्रति भी अपर महाप्रबंधक को उपलब्ध करायी गयी। प्रतिनिधिमंडल के अनुसार, उन्होंने संबंधित अनुशंसा के आधार पर मामले को आगे बढ़ाने तथा तीन दिनों के भीतर रेल मंत्रालय को प्रस्ताव भेजने की बात कही।

स्टेशन पहुंच पथ पर रोशनी की समस्या भी उठायी

मुलाकात के दौरान चेंबर के प्रतिनिधियों ने मुरलीगंज रेलवे स्टेशन के पहुंच पथ पर पर्याप्त रोशनी नहीं होने की समस्या भी उठायी। उन्होंने कहा कि स्टेशन आने-जाने वाले यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा के लिए रोशनी की समुचित व्यवस्था आवश्यक है। इस पर भी संबंधित अधिकारियों से चर्चा की गयी। प्रतिनिधिमंडल के मुताबिक, अधिकारियों ने समस्या के समाधान की दिशा में पहल करने का आश्वासन दिया।

मुरलीगंज तक डीएमयू विस्तार की मांग

प्रतिनिधिमंडल ने मधेपुरा स्टेशन पर करीब दो घंटे तक खड़ी रहने वाली डीएमयू ट्रेन का विस्तार मुरलीगंज तक करने का मुद्दा भी उठाया। चेंबर पदाधिकारियों के अनुसार, अपर महाप्रबंधक ने इस दिशा में भी जल्द पहल करने की बात कही। चेंबर का कहना है कि इन मांगों पर अमल होने से मुरलीगंज और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के यात्रियों को आवागमन में सुविधा मिलेगी।

प्रतिनिधिमंडल में चेंबर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष शिवशंकर भगत, सचिव विनोद बाफना, कोषाध्यक्ष सूरज जायसवाल तथा उपाध्यक्ष प्रभात पाल और विनय जायसवाल शामिल थे।

मुरलीगंज में वंदे भारत के ठहराव की उम्मीद बढ़ी, तीन दिनों में रेल मंत्रालय को भेजी जाएगी अनुशंसा मुरलीगंज में वंदे भारत के ठहराव की उम्मीद बढ़ी, तीन दिनों में रेल मंत्रालय को भेजी जाएगी अनुशंसा Reviewed by मधेपुरा टाइम्स on October 24, 2026 Rating: 5

No comments:

Powered by Blogger.