जनसंवाद के दौरान डीएसपी अजय कुमार ने कहा कि नशा समाज के लिए गंभीर चुनौती है। इसकी चपेट में आकर युवा न केवल अपना भविष्य बर्बाद कर रहे हैं, बल्कि कई परिवारों की खुशियां भी छिन रही हैं। नशे की लत व्यक्ति की आर्थिक और सामाजिक स्थिति को कमजोर करने के साथ-साथ कई बार उसे अपराध की ओर भी धकेल देती है। उन्होंने कहा कि नशामुक्त समाज का निर्माण केवल पुलिस की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि इसके लिए समाज के प्रत्येक व्यक्ति को आगे आना होगा।
उन्होंने विशेष रूप से अभिभावकों, जनप्रतिनिधियों और बुद्धिजीवियों से अपील की कि वे अपने आसपास के युवाओं पर ध्यान दें और उन्हें नशे से दूर रखने के लिए जागरूक करें। बच्चों की गतिविधियों पर नजर रखने, उन्हें सकारात्मक कार्यों एवं खेलकूद से जोड़ने और नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि समय रहते युवाओं को नशे की गिरफ्त से बचाना सामूहिक जिम्मेदारी है।
डीएसपी ने लोगों से अपील करते हुए कहा कि क्षेत्र में कहीं भी अवैध शराब, नशीले पदार्थों की बिक्री या अन्य संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी मिले तो इसकी सूचना तत्काल पुलिस को दें। सूचना देने वालों की पहचान गोपनीय रखी जाएगी। उन्होंने कहा कि पुलिस और आम जनता के बीच बेहतर तालमेल एवं सहयोग से ही अपराध पर प्रभावी नियंत्रण संभव है।
सामाजिक स्तर पर विवाद सुलझाने को दें प्राथमिकता
जनसंवाद के दौरान डीएसपी अजय कुमार ने जनप्रतिनिधियों एवं थानाध्यक्ष विकास कुमार मिश्रा को प्राथमिकी दर्ज करने की प्रक्रिया को लेकर भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि छोटे-मोटे आपसी विवादों में यदि प्राथमिकी दर्ज होने से पहले दोनों पक्षों के बीच सामाजिक स्तर पर आपसी सहमति से समझौता हो जाता है तो उसे प्राथमिकता दी जानी चाहिए। हालांकि, जिन मामलों में प्राथमिकी दर्ज करना कानूनन आवश्यक है, उनमें नियमानुसार कार्रवाई की जाए। अन्य मामलों में निष्पक्ष जांच-पड़ताल और तथ्यों की पड़ताल करने के बाद ही नियमानुसार प्राथमिकी दर्ज करने की प्रक्रिया अपनाई जाए। उन्होंने पुलिस को निष्पक्षता के साथ काम करने और किसी भी पक्ष के साथ अन्याय नहीं होने देने की बात कही।
इस दौरान स्थानीय लोगों ने क्षेत्र की समस्याओं और अपराध से जुड़े विभिन्न मुद्दों को भी रखा। डीएसपी ने सभी की बातें गंभीरता से सुनीं और समस्याओं के समाधान के लिए आवश्यक पहल करने का भरोसा दिलाया। उन्होंने संवेदनशील इलाकों पर विशेष निगरानी रखने और अपराध की रोकथाम के लिए सतर्क रहने की बात कही।
जनसंवाद कार्यक्रम के बाद डीएसपी अजय कुमार ने परमानंदपुर थाना का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने थाना परिसर में बने महिला बैरक का भी जायजा लिया तथा वहां उपलब्ध सुविधाओं एवं व्यवस्थाओं की जानकारी ली। उन्होंने पुलिस पदाधिकारियों एवं कर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए आम लोगों की शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई करने, थाना की व्यवस्था दुरुस्त रखने तथा क्षेत्र में शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने को लेकर सजग रहने का निर्देश दिया।
जनसंवाद कार्यक्रम में थानाध्यक्ष विकास कुमार मिश्रा, एसआई सरोज ठाकुर, आनंद कुमार, विनोद कुमार, सुरेंद्र कुमार, राहुल समेत सभी पुलिसकर्मी उपस्थित थे। वहीं मौके पर जनप्रतिनिधियों में जिला परिषद प्रतिनिधि डॉ. बीके आर्यन, पंचायत के पूर्व मुखिया प्रतिनिधि अशोक यादव, वर्तमान मुखिया प्रतिनिधि मनीष कुमार, बरदाहा पंचायत के मुखिया राजीव रंजन उर्फ राजू, सामाजिक कार्यकर्ता त्रिभुवन यादव, सुरेंद्र यादव, वार्ड सदस्य चंद्र किशोर यादव समेत काफी संख्या में ग्रामीण मौजूद थे.
Reviewed by मधेपुरा टाइम्स
on
October 30, 2026
Rating:


No comments: