राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण के तत्वावधान में "सुरक्षित बचपन अभियान" का आयोजन


आज दिनांक 31 अक्टूबर 2026 को होली क्रॉस गर्ल्स स्कूल, शास्त्री नगर, मधेपुरा में राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण (NALSA) एवं बिहार राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण (BSLSA) के तत्वावधान में एक महत्वपूर्ण "सुरक्षित बचपन अभियान" का आयोजन किया गया।

इस अवसर पर माननीय जिला एवं अपर सत्र न्यायाधीश श्री अमित कुमार पांडेय ने उपस्थित होकर छात्राओं को संबोधित किया। अपने प्रेरणादायक एवं ज्ञानवर्धक संबोधन में उन्होंने बच्चों को कानून, न्याय, मौलिक अधिकारों, कर्तव्यों तथा विधिक जागरूकता के महत्व से अवगत कराया। उन्होंने सरल एवं सहज भाषा में विभिन्न कानूनी पहलुओं को समझाते हुए छात्राओं की जिज्ञासाओं का समाधान किया तथा उन्हें अपने अधिकारों के प्रति सजग, जागरूक एवं जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने पॉक्सो एक्ट 2012 के संबंध में विस्तृत जानकारी दी।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अधिवक्ता श्री देवेंद्र कुमार ने इस बात पर विशेष बल दिया कि प्रत्येक नागरिक को अपने अधिकारों के साथ-साथ अपने कर्तव्यों की भी जानकारी होनी चाहिए। कानून की जानकारी केवल न्यायालयों तक सीमित नहीं है, बल्कि यह हमारे दैनिक जीवन का एक महत्वपूर्ण हिस्सा है। विशेष रूप से बालिकाओं को अपने अधिकारों, सुरक्षा एवं सम्मान के प्रति जागरूक रहना चाहिए, ताकि वे किसी भी परिस्थिति में आत्मविश्वास के साथ उचित निर्णय ले सकें।
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय की डायरेक्टर श्रीमती बंदना कुमारी ने भी छात्र-छात्राओं को संबोधित किया। उन्होंने अपने वक्तव्य में कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल किताबी ज्ञान अर्जित करना नहीं, बल्कि बच्चों को एक जागरूक, संवेदनशील, आत्मनिर्भर एवं जिम्मेदार नागरिक बनाना भी है। उन्होंने इस प्रकार के जागरूकता कार्यक्रमों को खासकर छात्राओं के सर्वांगीण विकास के लिए अत्यंत उपयोगी बताया तथा उन्हें कार्यक्रम से प्राप्त ज्ञान को अपने जीवन में आत्मसात करने की प्रेरणा दी।
इस आयोजन ने छात्रों एवं छात्राओं को न केवल विधिक अधिकारों एवं सामाजिक जिम्मेदारियों के प्रति जागरूक किया, बल्कि उनके मन में कानून के प्रति सम्मान, आत्मविश्वास एवं न्याय के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण भी विकसित किया।
विद्यालय परिवार ने माननीय न्यायाधीश श्री अमित कुमार पांडेय, अधिवक्ता देवेंद्र कुमार एवं बिहार राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के प्रति हार्दिक आभार व्यक्त किया कि उन्होंने अपना बहुमूल्य समय देकर छात्रों एवं छात्राओं को इतना महत्वपूर्ण एवं प्रेरणादायक मार्गदर्शन प्रदान किया। निश्चित रूप से ऐसे कार्यक्रम बच्चों के उज्ज्वल भविष्य के निर्माण तथा एक जागरूक, सशक्त एवं न्यायप्रिय समाज की स्थापना में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

इस कार्यक्रम में प्राचार्य अरविंद कुमार सिंह, पत्रकारगण एवं विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएँ भी उपस्थित थे। इस कार्यक्रम में कक्षा 07 से कक्षा 09 तक के छात्र-छात्राओं ने भाग लिया।
राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण के तत्वावधान में "सुरक्षित बचपन अभियान" का आयोजन राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण के तत्वावधान में "सुरक्षित बचपन अभियान" का आयोजन Reviewed by मधेपुरा टाइम्स on October 31, 2026 Rating: 5

No comments:

Powered by Blogger.