श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर होली क्रॉस स्कूल, मधेपुरा में उल्लास और उमंग

मधेपुरा, 23 अप्रैल: श्रीकृष्ण जन्माष्टमी आनंद, उत्साह और उमंग का पर्व है। यह अंधकार पर प्रकाश, असत्य पर सत्य और अधर्म पर धर्म की विजय का संदेश देता है। इसी प्रेरणादायी संदेश के साथ स्थानीय होली क्रॉस स्कूल, मधेपुरा में आज श्रीकृष्ण जन्मोत्सव हर्षोल्लास एवं भक्तिभाव के साथ मनाया गया।

जन्माष्टमी के अवसर पर विद्यालय परिसर पूरी तरह कृष्णमय नजर आया। नन्हे-मुन्ने बच्चे राधा-कृष्ण की मनमोहक वेशभूषा में सजकर आए और अपनी आकर्षक प्रस्तुतियों से सभी का मन मोह लिया। बच्चों की मासूम मुस्कान और रंग-बिरंगी पोशाकों ने पूरे वातावरण को उत्सवमय बना दिया।

इस अवसर पर पारंपरिक मटका-फोड़ प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में छात्राओं और छात्रों ने बराबरी से पूरे उत्साह और जोश के साथ भाग लिया। यह आयोजन हमारी भारतीय संस्कृति एवं समृद्ध परंपरा को जीवंत करने का सुंदर माध्यम बना।

मटका-फोड़ प्रतियोगिता में कक्षा 9वीं एवं 10वीं की छात्राओं तथा अनुराधा को विजेता के रूप में विद्यालय के प्राचार्य द्वारा ₹501 की पुरस्कार राशि देकर सम्मानित किया गया। वहीं कक्षा 9वीं एवं 10वीं के छात्रों को विद्यालय के सचिव श्री गजेन्द्र कुमार ने ₹501 की पुरस्कार राशि देकर सम्मानित किया। कक्षा 8 के कृष्णा कुमार ने भी प्रतियोगिता में विजेता का स्थान प्राप्त किया। कार्यक्रम के दौरान पूरा विद्यालय परिवार नाचते-गाते और झूमते हुए श्रीकृष्ण की भक्ति में सराबोर नजर आया। बच्चों, शिक्षकों और विद्यालय परिवार की सामूहिक सहभागिता ने उत्सव की खुशी को और बढ़ा दिया।

विद्यालय के इस आयोजन ने भगवान श्रीकृष्ण के उस शाश्वत संदेश को भी रेखांकित किया कि सत्य और धर्म का मार्ग अंततः प्रकाश की ओर ले जाता है। जन्माष्टमी का यह पर्व सभी के जीवन में प्रेम, सद्भाव, आशा और सकारात्मक ऊर्जा का संचार करे—यही मंगलकामना की गई। अंत में विद्यालय परिवार की ओर से सभी विद्यार्थियों, अभिभावकों एवं शुभचिंतकों को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ दी गईं।

श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर होली क्रॉस स्कूल, मधेपुरा में उल्लास और उमंग श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर होली क्रॉस स्कूल, मधेपुरा में उल्लास और उमंग Reviewed by मधेपुरा टाइम्स on September 03, 2026 Rating: 5

No comments:

Powered by Blogger.