मधेपुरा जिले के कुमारखंड प्रखंड अंतर्गत इसराइन खुर्द पंचायत के आदर्श ग्राम खुर्दा करुवैली में शनिवार की देर शाम सार्वजनिक दुर्गा पूजा महोत्सव मेला समिति के सौजन्य से आयोजित खुर्दा महोत्सव का विधिवत उद्घाटन पूर्णिया के सांसद राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। महोत्सव का आयोजन संरक्षक सह पूर्णिया सांसद पप्पू यादव और राज्यसभा सांसद रंजीत रंजन के नेतृत्व में किया जा रहा है।
उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए सांसद पप्पू यादव ने कहा कि खुर्दा मेला अब खुर्दा महोत्सव के नाम से देश-दुनिया में जाना जाएगा। यह महोत्सव इंसानियत, सामाजिक सद्भाव और आपसी भाईचारे का संदेश देता है। पूर्णिया और अररिया जिले की सीमा पर स्थित खुर्दा गांव में शुरू हुआ यह मेला आज गंगा-जमुनी तहजीब को जीवंत करते हुए हिंदू-मुस्लिम एकता का प्रतीक बन गया है। उन्होंने कहा कि महोत्सव आयोजित करने का मुख्य उद्देश्य क्षेत्र में आपसी भाईचारे, शांति और सद्भाव को बढ़ावा देना है।
सांसद ने लोगों से शांतिपूर्ण माहौल में महोत्सव में शामिल होकर मेले का आनंद उठाने की अपील की। उन्होंने स्वच्छता बनाए रखने और सामाजिक सद्भाव के साथ महोत्सव के सफल आयोजन में समिति को सहयोग देने का भी आग्रह किया।
केंद्र सरकार पर साधा निशाना
अपने संबोधन के दौरान सांसद पप्पू यादव ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्र सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि बिहार बाढ़ की त्रासदी झेल रहा है, लेकिन केंद्र सरकार ने बिहार को अपेक्षित सहायता नहीं दी। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार ने नेपाल, असम और गुजरात को आर्थिक सहायता दी, जबकि बिहार के बाढ़ प्रभावित लोगों की समस्याओं के समाधान के लिए पर्याप्त कदम नहीं उठाए गए। उन्होंने सरकार पर वादे पूरे नहीं करने और जनसमस्याओं के बजाय राजनीति करने का भी आरोप लगाया।
कबड्डी और कुश्ती प्रतियोगिताएं होंगी आकर्षण का केंद्र
सांसद ने बताया कि खुर्दा महोत्सव 17 से 25 अक्टूबर तक चलेगा। महोत्सव के दौरान 18 और 19 अक्टूबर को राष्ट्रीय स्तर के कबड्डी प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। वहीं, 20 और 21 अक्टूबर को अंतरराष्ट्रीय स्तर के पहलवान कुश्ती दंगल में अपने दांव-पेच का प्रदर्शन करेंगे। इसके अलावा 22 और 23 अक्टूबर को मुंबई के फिल्मी सितारों एवं भोजपुरी कलाकारों की प्रस्तुतियां होंगी। भक्ति और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से कलाकार अपनी प्रस्तुतियों से दर्शकों का मनोरंजन करेंगे। मेले में राम झूला, मौत का कुआं, शोभा सम्राट, सर्कस सहित मनोरंजन के कई साधन उपलब्ध कराए गए हैं।
निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर की भी व्यवस्था
महोत्सव समिति के सचिव सह संयोजक विनोद यादव ने बताया कि मेले में लोगों की सुविधा के लिए निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर भी लगाया गया है। उन्होंने लोगों से जाति-पाति से ऊपर उठकर महोत्सव में भाग लेने तथा कबड्डी, कुश्ती, सांस्कृतिक कार्यक्रमों और मनोरंजन के विभिन्न साधनों का आनंद उठाने की अपील की।
कार्यक्रम का संचालन कृष्ण कुमार यादव ने किया, जबकि महोत्सव की अध्यक्षता श्यामनंदन प्रसाद ने की।
सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम
मेले में सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए कुमारखंड थानाध्यक्ष रंजन कुमार के नेतृत्व में पुलिस बल की तैनाती की गई है। पुलिसकर्मी मेले के विभिन्न स्थानों पर निगरानी रखने के साथ गश्त करते नजर आए। स्वास्थ्य व्यवस्था के तहत प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. वरुण कुमार और स्वास्थ्य प्रबंधक कुमार धनंजय भी मेडिकल कैंप में मौजूद रहे। मौके पर खुर्दा महोत्सव समिति के सचिव सह संयोजक विनोद यादव, अध्यक्ष श्यामनंदन प्रसाद, कार्यकारी अध्यक्ष सुशील कुमार यादव, रतनदेव यादव, प्रमुख प्रतिनिधि अरुण कुमार सिंह, मुखिया प्रतिनिधि रामचंद्र मंडल, दुखमोचन यादव, मनोज कुमार, मो. जमाल, मो. गिलवन, मो. इलियास, विश्वबंधु बादल, पूर्व मुखिया मो. अब्बास, अनिल बंधु, शैलेंद्र कुमार, मुकेश यादव, पिंटू यादव, गुड्डू यादव, राजीव बबलू, अनिरुद्ध प्रसाद यादव, मुखिया प्रतिनिधि तेज नारायण यादव, गौरव कुमार, मंटू सिंह, रणधीर कुमार, सुशील यादव, कुंदन कुमार, मनोज कुमार, मुमताज आलम, नूर आलम और युवा नेता राहुल कुमार सहित सैकड़ों कार्यकर्ता एवं हजारों लोग उपस्थित थे।
(रिपोर्ट: मीना कुमारी)
सांसद पप्पू यादव ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया खुर्दा महोत्सव का उद्घाटन
Reviewed by मधेपुरा टाइम्स
on
October 17, 2026
Rating:
No comments: