मुरलीगंज (मधेपुरा) : मुरलीगंज बाजार के जयरामपुर महावीर चौक के समीप शुक्रवार को राज्य कर विभाग पूर्णिया एवं मधेपुरा अंचल की संयुक्त टीम ने किराना व्यवसायी के प्रतिष्ठान और उससे जुड़े तीन गोदामों में सघन जांच की. गुप्त सूचना के आधार पर की गयी विभागीय कार्रवाई दोपहर करीब दो बजे शुरू हुई, जो देर रात करीब 12 बजे तक चली. करीब दस घंटे तक चली जांच में विभागीय अधिकारियों ने कारोबार से जुड़े आय-व्यय, खरीद-बिक्री, स्टॉक और रिटर्न से संबंधित दस्तावेजों को खंगाला.
जांच मेसर्स आनंद स्टोर में की गयी. प्रतिष्ठान के प्रोपराइटर अग्रज आनंद हैं. दुकान से पान मसाला, विभिन्न कंपनियों के गुटखा, चावल, चीनी समेत अन्य किराना सामग्री का थोक एवं खुदरा कारोबार किया जाता है. विभागीय टीम ने मुख्य प्रतिष्ठान के अलावा शहर के अलग-अलग स्थानों पर स्थित व्यवसाय से जुड़े तीन गोदामों में भी जांच की.
स्टॉक से लेकर बिल व लेखा-पंजी तक की जांच
छापेमारी के दौरान अधिकारियों ने गोदामों में मौजूद स्टॉक का भौतिक सत्यापन किया. साथ ही खरीद-बिक्री से संबंधित बिल, लेखा-पंजी, कारोबार से जुड़े दस्तावेज और अन्य अभिलेखों की बारीकी से जांच की गयी. टीम ने लंबे समय तक प्रतिष्ठान और गोदामों में उपलब्ध रिकॉर्ड का मिलान किया.
राज्य कर विभाग के संयुक्त आयुक्त शौकत अली अंसारी ने बताया कि जांच के दौरान करीब 50 लाख रुपये की कर चोरी प्रतीत होने का मामला सामने आया है. उन्होंने कहा कि मामले में विधि सम्मत कार्रवाई की जायेगी. संबंधित व्यवसायी को शो-कॉज नोटिस जारी करने की प्रक्रिया की जा रही है.
विभागीय अधिकारियों के अनुसार आगे की कार्रवाई जांच के दौरान सामने आये तथ्यों, दस्तावेजों और संबंधित अभिलेखों के आधार पर की जायेगी. इधर, दिनभर चली विभागीय कार्रवाई को लेकर मुरलीगंज बाजार में चर्चाओं का दौर जारी रहा.
Reviewed by मधेपुरा टाइम्स
on
September 26, 2026
Rating:


No comments: