‘दूसरों को ताज पहनाया, अब हाशिए पर नहीं रहेंगे’: मधेपुरा में ब्राह्मण समाज की बैठक

वर्तमान राजनीतिक व्यवस्था में ब्राह्मण समाज को अपेक्षित भागीदारी और सम्मान नहीं मिलना दुर्भाग्यपूर्ण है। ब्राह्मण समाज ने अपनी बुद्धि, विचार और संस्कार से देश व समाज के विकास में हमेशा अग्रणी भूमिका निभाई है। इसके बावजूद आज समाज के लोगों को शिक्षा, सरकारी नौकरी, राजनीति और सरकारी योजनाओं में अपेक्षित भागीदारी नहीं मिल रही है। इन मुद्दों को लेकर सोमवार को मधेपुरा जिला मुख्यालय स्थित जिला परिषद के शिवराज होटल विवाह भवन में लोकमंच के बैनर तले ब्राह्मण समाज की बैठक हुई।

बैठक में जिले के विभिन्न गांवों से बड़ी संख्या में ब्राह्मण समाज के बुद्धिजीवी, युवा और बुजुर्ग शामिल हुए। वक्ताओं ने कहा कि अब समाज को अपने अधिकारों के लिए एकजुट होकर लोकतांत्रिक तरीके से अपनी मांग सरकार और राजनीतिक नेतृत्व के सामने रखनी होगी। कार्यक्रम की अध्यक्षता सिंहेश्वर के पूर्व प्रमुख राजेश रंजन झा ने की। सम्मेलन में शामिल लोगों ने एकजुटता का परिचय देते हुए समग्र समाज की उन्नति के लिए काम करने का संकल्प लिया।

आर्थिक रूप से संपन्न होने की धारणा पर जताई आपत्ति

वक्ताओं ने कहा कि ब्राह्मण समाज को लेकर यह धारणा बना दी गई है कि पूरा समाज आर्थिक रूप से संपन्न है, जबकि जमीनी हकीकत अलग है। समाज के कई परिवारों के पास रहने के लिए पर्याप्त आवासीय जमीन तक नहीं है। कई परिवार मेहनत-मजदूरी कर किसी तरह जीवन यापन कर रहे हैं। वक्ताओं ने कहा कि आर्थिक स्थिति के आधार पर समाज के जरूरतमंद लोगों को सरकारी योजनाओं के लाभ से वंचित नहीं किया जाना चाहिए। सरकार को वास्तविक सामाजिक-आर्थिक स्थिति के आधार पर योजनाओं का लाभ जरूरतमंद परिवारों तक पहुंचाना चाहिए।

‘दूसरों को ताज पहनाया, अब हाशिए पर नहीं रहेंगे’

सीमांचल कंस्ट्रक्शन के प्रोपराइटर अजय झा ने कहा कि ब्राह्मण समाज का इतिहास गौरवशाली रहा है। समाज ने देश और राष्ट्र की उन्नति के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर किया है। उन्होंने कहा कि ब्राह्मणों ने आदिकाल से सर्व समाज की उन्नति के लिए काम किया है। ऐसे में यह सवाल उठना स्वाभाविक है कि आज ब्राह्मण समाज को ही हाशिए पर क्यों रखा जा रहा है।

उन्होंने कहा कि ब्राह्मण समाज ने कभी ताज पाने की राजनीति नहीं की। हाथ में ताज रहते हुए भी दूसरों को ताज पहनाने का काम किया। अब समाज को शिक्षा से लेकर सरकारी नौकरी, राजनीति से लेकर सरकारी योजनाओं तक उचित भागीदारी मिलनी चाहिए।

सभी वर्गों के साथ ब्राह्मणों की समस्याएं भी सुने सरकार

लोकमंच के संस्थापक सह मुख्य अतिथि आशीष कुमार झा उर्फ बब्बू झा ने कहा कि कोसी और सीमांचल क्षेत्र के ब्राह्मण समाज के अनेक लोगों ने स्वतंत्रता आंदोलन से लेकर शिक्षा, समाज सुधार और राष्ट्र निर्माण तक महत्वपूर्ण योगदान दिया। उन्होंने मदन मोहन मालवीय, महाराज दरभंगा सहित ऐतिहासिक व्यक्तित्वों का उदाहरण देते हुए कहा कि ब्राह्मण समाज ने हमेशा समाज के सभी वर्गों को साथ लेकर चलने का प्रयास किया है।

उन्होंने कहा कि ब्राह्मण समाज के योगदान को भुलाया नहीं जा सकता। लोकमंच समाज की आवाज बनकर ब्राह्मण समाज से जुड़े मुद्दों को सरकार और राजनीतिक नेतृत्व तक पहुंचाएगा। राजनीतिक नेतृत्व को ब्राह्मणों को उचित सम्मान और भागीदारी देनी चाहिए।

बब्बू झा ने स्पष्ट किया कि समाज किसी दूसरे वर्ग को पीछे करने की मांग नहीं कर रहा है। उनकी मांग है कि जिस तरह सभी वर्गों की समस्याओं को सरकार सुनती है, उसी तरह ब्राह्मण समाज की समस्याओं पर भी ध्यान दिया जाए और उनका समाधान किया जाए। उन्होंने कहा कि ब्राह्मण समाज अपनी बुद्धि और विवेक का इस्तेमाल देश और समाज के हित में करता रहा है और आगे भी करता रहेगा।

कार्यक्रम की अध्यक्षता पूर्व उप प्रमुख राजेश कुमार झा ने किया। जबकि मुखिया रूपेश झा, पूर्व मुखिया प्रमोद कुमार मिश्रा, राजेश झा (बेला) पूर्व सरपंच धर्मनारायण ठाकुर, पूर्व पंचायत समिति सदस्य कामोज मिश्रा, अजीत झा, नटवर ठाकुर, श्याम नन्दन ठाकुर आदि ने संबोधित किया.

लोक मंच की प्रमुख मांगे:- लोक मंच के संस्थापक आशीष झा बब्बू ने इस मौके पर कहा कि लोक मंच के माध्यम से सरकार के आने हमारी कई मांगे है। इन मांगो के समर्थन में नवंबर में पटना में मिलर हाई स्कूल से पदयात्रा निकाली जाएगी। जिसमें पूरे राज्य के ब्राह्मण समाज के लोग शामिल होंगे। इन्होंने बताया कि मुख्य मांगो में ब्राह्मण कल्याण बोर्ड बनाने की मांग, आर्थिक स्थिति पर श्वेत पत्र जारी करने, संस्कृत शिक्षा में सुधार, परसुराम जयंती पर राजकीय अवकाश घोषित करने आदि शामिल हैं ।

‘दूसरों को ताज पहनाया, अब हाशिए पर नहीं रहेंगे’: मधेपुरा में ब्राह्मण समाज की बैठक ‘दूसरों को ताज पहनाया, अब हाशिए पर नहीं रहेंगे’: मधेपुरा में ब्राह्मण समाज की बैठक Reviewed by मधेपुरा टाइम्स on August 31, 2026 Rating: 5

No comments:

Powered by Blogger.