ठाकुर प्रसाद महाविद्यालय एवं पार्वती विज्ञान महाविद्यालय की समस्याओं को लेकर अभाविप ने सौंपा मांग-पत्र

अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद्  मधेपुरा द्वारा ठाकुर प्रसाद महाविद्यालय एवं पार्वती विज्ञान महाविद्यालय में व्याप्त छात्र-छात्राओं की समस्याओं के समाधान की मांग को लेकर महाविद्यालय प्रशासन को मांग-पत्र सौंपा गया। इस दौरान प्रांत राज्य विश्वविद्यालय कार्य संयोजक उत्तर बिहार सौरभ यादव, विभाग संयोजक नवनीत सम्राट एवं जिला विस्तारक अभिषेक झा मौजूद रहे।

परिषद् ने छात्रहित में महाविद्यालय में पेयजल एवं शौचालय की पर्याप्त व्यवस्था, गर्ल्स कॉमन रूम में आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के अनुरूप नवीन पाठ्यक्रम की पुस्तकें पुस्तकालय में उपलब्ध कराने की मांग की।

इसके अलावा प्रयोगशालाओं में आवश्यक उपकरण एवं सामग्री उपलब्ध कराने, विद्यार्थियों के लिए हेल्प डेस्क शुरू करने, इंटर्नशिप के नाम पर विद्यार्थियों से लिए गए शुल्क को वापस करने तथा प्रोस्पेक्टस के नाम पर अतिरिक्त शुल्क नहीं लेने की मांग की गई।

मांग-पत्र में विद्यार्थियों के लिए बस सुविधा उपलब्ध कराने, टाटा आयरन एंड स्टील छात्रावास में बुनियादी सुविधाएं सुनिश्चित करने, अधूरे महिला छात्रावास का निर्माण पूरा कराने तथा अल्पसंख्यक बालिका छात्राओं के लिए रहने की समुचित व्यवस्था करने की भी मांग रखी गई।

परिषद् ने महाविद्यालय में एम.एड., एमसीए, एमबीए एवं एमएलआईएस** जैसे रोजगारपरक पाठ्यक्रम शुरू करने की मांग भी की है, ताकि विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के साथ रोजगार के बेहतर अवसर मिल सकें।

अभाविपन महाविद्यालय प्रशासन से मांग की है कि उक्त समस्याओं के समाधान के लिए उठाए गए अथवा उठाए जाने वाले कदमों की जानकारी 24 अगस्त 2026 तक परिषद् को उपलब्ध कराई जाए। परिषद् ने स्पष्ट किया कि निर्धारित समय-सीमा के भीतर संतोषजनक कार्रवाई नहीं होने पर छात्रहित में लोकतांत्रिक तरीके से चरणबद्ध आंदोलन किया जाएगा।

ठाकुर प्रसाद महाविद्यालय एवं पार्वती विज्ञान महाविद्यालय की समस्याओं को लेकर अभाविप ने सौंपा मांग-पत्र ठाकुर प्रसाद महाविद्यालय एवं पार्वती विज्ञान महाविद्यालय की समस्याओं को लेकर अभाविप ने सौंपा मांग-पत्र Reviewed by मधेपुरा टाइम्स on August 20, 2026 Rating: 5

No comments:

Powered by Blogger.