मीडिया में मामले को प्रमुखता से प्रकाशित किये जाने के बाद शिक्षा विभाग और पुलिस प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए कार्रवाई शुरू कर दी है। मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली गयी है। पुलिस ने रतनपट्टी निवासी अनाज कारोबारी कुंदन दास को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं शिक्षा विभाग ने प्रधानाध्यापिका के खिलाफ निलंबन की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी बबीता कुमारी की ओर से 16 अगस्त को मुरलीगंज थानाध्यक्ष को प्राथमिकी दर्ज करने के लिए लिखित पत्र भेजा गया था। पत्र में संयुक्त जांच के दौरान सामने आये तथ्यों का उल्लेख करते हुए संबंधित लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने का अनुरोध किया गया था। जांच रिपोर्ट के अनुसार विद्यालय में एमडीएम के लिए उपलब्ध चावल को वाहन पर लादकर बाहर ले जाने की बात सामने आयी थी।
ग्रामीणों की शिकायत एवं प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी बबीता कुमारी के आवेदन के आलोक के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गयी है। मामले में रतनपट्टी निवासी अनाज कारोबारी कुंदन दास को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने जब्त चावल को कानूनी प्रक्रिया के तहत चार स्थानीय ग्रामीणों की जिम्मेनामा पर सौंप दिया है। उन्होंने बताया कि मामले की केस डायरी तैयार की जा रही है और प्राथमिकी में नामजद अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए भी कार्रवाई जारी है।
जांच के दौरान विद्यालय की प्रधानाध्यापिका माला कुमारी के पति रविंद्र कुमार उर्फ खोखा यादव और पुत्र प्रिंस कुमार की भूमिका का भी उल्लेख जांच रिपोर्ट में किया गया है। पुलिस पूरे मामले में आरोपितों की भूमिका की जांच कर रही है।
इधर, बीईओ बबीता कुमारी ने बताया कि मामले की विस्तृत जांच रिपोर्ट जिला शिक्षा पदाधिकारी को भेज दी गयी है। जिला स्तर पर समीक्षा के बाद प्रधानाध्यापिका के निलंबन का पत्र जारी किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि मामले में विभागीय स्तर पर नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।
कार्रवाई के तहत मुरलीगंज पुलिस टीम ने विद्यालय पहुंचकर एमडीएम खाद्यान्न के स्टोर रूम और किचन को सील कर दिया है। पुलिस ने विद्यालय पहुंचकर संबंधित लोगों से घटना के संबंध में जानकारी भी ली।
ग्रामीणों ने मौके पर पकड़ा था चावल लदा वाहन
बताया जाता है कि 15 अगस्त को विद्यालय का चावल वाहन पर लादकर बाहर ले जाने की सूचना मिलने पर ग्रामीणों ने वाहन को रोक लिया था। इसके बाद मामले की सूचना पुलिस को दी गयी। ग्रामीणों ने आरोप लगाया था कि बच्चों के लिए आवंटित एमडीएम खाद्यान्न को विद्यालय से बाहर ले जाया जा रहा था। घटना के बाद ग्रामीणों ने विद्यालय पहुंचकर विरोध जताते हुए मामले की जांच और दोषियों पर कार्रवाई की मांग की थी।
मामले में प्राथमिकी दर्ज होने और गिरफ्तारी के बाद अब अन्य आरोपितों पर कार्रवाई की तलवार लटक गयी है। पुलिस का कहना है कि जांच में जिसकी भी संलिप्तता सामने आयेगी, उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। वहीं शिक्षा विभाग भी विभागीय कार्रवाई की तैयारी में है। बच्चों के लिए आवंटित एमडीएम खाद्यान्न में अनियमितता को लेकर हुई इस कार्रवाई से विद्यालय स्तर पर हड़कंप मचा हुआ है।
Reviewed by मधेपुरा टाइम्स
on
August 17, 2026
Rating:


No comments: