मुरलीगंज। नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में लगातार प्रभावी कार्रवाई करने वाले प्रशिक्षु डीएसपी सह मुरलीगंज थानाध्यक्ष नूरूल हक को कोसी क्षेत्र के डीआईजी डॉ. कुमार आशीष ने प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित किया है। पुलिस स्तर पर यह सम्मान मुरलीगंज थाना क्षेत्र में नशीले पदार्थों के खिलाफ की गई कार्रवाई और अभियान को प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाने के लिए दिया गया है।
डीआईजी की ओर से जारी प्रशस्ति-पत्र में नूरूल हक के कर्तव्यनिष्ठा, तत्परता, लगन और समर्पण की विशेष रूप से सराहना की गई है। नशीले पदार्थों की उल्लेखनीय मात्रा में बरामदगी के साथ-साथ इसके अवैध कारोबार में शामिल लोगों और नशे का सेवन करने वालों के खिलाफ की गई प्रभावी कार्रवाई को भी सम्मान का आधार बनाया गया है।
पुलिस महकमे के इस सम्मान को मुरलीगंज में नशे के खिलाफ चल रही कार्रवाई की उपलब्धि के रूप में देखा जा रहा है। खासकर युवाओं में बढ़ती नशे की प्रवृत्ति के बीच पुलिस की लगातार कार्रवाई से अवैध कारोबारियों में भी हड़कंप की स्थिति बनी है। पुलिस की कार्रवाई केवल गिरफ्तारी तक सीमित नहीं रहे, बल्कि नशे के नेटवर्क तक पहुंचने और इसके स्रोत को खत्म करने की दिशा में भी प्रयास किए जाने की जरूरत है।
सम्मान मिलने के बाद थानाध्यक्ष नूरूल हक ने कहा कि नशे के खिलाफ अभियान में किसी तरह की ढिलाई नहीं बरती जाएगी। नशे के मामले में जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत कार्रवाई जारी रहेगी। युवाओं को नशे से दूर रखने के लिए पुलिस की ओर से जागरूकता कार्यक्रम भी चलाए जाएंगे।
इधर, नूरूल हक को प्रशस्ति-पत्र मिलने पर पुलिसकर्मियों और स्थानीय लोगों ने बधाई दी है। लोगों ने कहा कि नशे के अवैध कारोबार पर प्रभावी कार्रवाई समय की जरूरत है। पुलिस की यह पहल लगातार जारी रही तो नशे के कारोबार पर अंकुश लगाने में काफी मदद मिल सकती है।
(रिपोर्ट: संजय कुमार)
नशे के खिलाफ कार्रवाई पर प्रशिक्षु डीएसपी नूरूल हक सम्मानित, कोसी डीआईजी ने दिया प्रशस्ति-पत्र
Reviewed by मधेपुरा टाइम्स
on
August 16, 2026
Rating:
No comments: