गलत रीडिंग, खराब मीटर व बिल की अन्य त्रुटियों का मौके पर ही होगा समाधान

मुरलीगंज। बिजली उपभोक्ताओं के विपत्र में सुधार और खराब मीटर बदलने को लेकर विद्युत विभाग की ओर से पंचायतवार विशेष शिविर का आयोजन शुरू किया गया है। सोमवार को मुरलीगंज नगर पंचायत के पावर हाउस तथा कुमारखंड में पावर हाउस के अलावा जीतापुर में हनुमान मंदिर के समीप और रानीपट्टी पंचायत भवन में शिविर लगाया गया। शिविर का उद्देश्य उपभोक्ताओं की बिजली बिल संबंधी शिकायतों का त्वरित निष्पादन करना है।

सहायक विद्युत अभियंता टीएन यादव ने बताया कि बिल में त्रुटि की शिकायत मुख्य रूप से गलत मीटर रीडिंग, एकमुश्त रीडिंग, गलत औसत, खराब मीटर सहित अन्य कारणों से होती है। इससे कई बार उपभोक्ता सही बिल का भुगतान नहीं कर पाते हैं। विभागीय मुख्यालय के निर्देश पर पंचायतवार कैंप लगाकर ऐसी शिकायतों का नियमानुसार अधिकाधिक निष्पादन मौके पर ही किया जा रहा है। खराब मीटर की शिकायतों का भी सत्यापन कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

विभाग की ओर से जारी कार्यक्रम के अनुसार 18 अगस्त को रामपुर, कोलयापट्टी डुमरिया, रहटा और परमानंदपुर, 19 अगस्त को दीनापट्टी सखुआ, लामीपुर चंडी, पुरैनी और जोरगामा, 20 अगस्त को पोखराम परमानंदपुर, रौता, बिशनपुर बाजार और गंगापुर, 21 अगस्त को तमौत परसा, इसराइन खुर्द, मंगलवारा और रघुनाथपुर तथा 22 अगस्त को बेलो, बैसाढ़, बिशनपुर सुंदर और रजनी पंचायत भवन में शिविर आयोजित किया जाएगा। विभाग ने संबंधित क्षेत्र के उपभोक्ताओं से शिविर में पहुंचकर अपने बिजली विपत्र एवं मीटर संबंधी शिकायतों का समाधान कराने की अपील की है।

गलत रीडिंग, खराब मीटर व बिल की अन्य त्रुटियों का मौके पर ही होगा समाधान गलत रीडिंग, खराब मीटर व बिल की अन्य त्रुटियों का मौके पर ही होगा समाधान Reviewed by मधेपुरा टाइम्स on August 17, 2026 Rating: 5

No comments:

Powered by Blogger.