इस अवसर पर विद्यालय परिसर में रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। छात्र-छात्राओं ने भाषण, क्विज, वाद-विवाद प्रतियोगिता के साथ-साथ देशभक्ति गीत, संगीत एवं नृत्य की मनमोहक प्रस्तुतियाँ देकर उपस्थित अभिभावकों एवं अतिथियों का मन मोह लिया। विभिन्न प्रतियोगिताओं में सफल छात्र-छात्राओं को प्रमाणपत्र एवं मेडल देकर सम्मानित किया गया।
अपने संबोधन में प्राचार्य डॉ. वंदना कुमारी ने छात्र-छात्राओं को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि वीर सपूतों की कुर्बानी से प्राप्त हमारा देश ‘अनेकता में एकता’ की संस्कृति को आत्मसात करते हुए विश्व बंधुत्व की भावना के साथ विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में तीव्र गति से विकास कर रहा है। उन्होंने कहा कि हमें समाज के मार्गदर्शक के रूप में बच्चों एवं युवाओं को निरंतर प्रेरित करते रहना चाहिए तथा देश की एकता, अखंडता, अहिंसा और सांस्कृतिक मूल्यों की रक्षा करते हुए आगे बढ़ना चाहिए।
उन्होंने कहा कि आजादी का वास्तविक अर्थ तभी सार्थक होगा, जब हम नशे से मुक्ति, अशिक्षा और गरीबी से मुक्ति तथा स्वस्थ एवं स्वच्छ समाज के निर्माण की दिशा में आगे बढ़ें। बीमारियों से बचाव एवं स्वस्थ तन-मन के लिए योग, व्यायाम और खेलों को जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि होली क्रॉस स्कूल में इस वर्ष प्रारंभ किया गया स्विमिंग पूल विद्यार्थियों के शारीरिक विकास की दिशा में एक मील का पत्थर साबित होगा।
समारोह में प्रस्तुत देशभक्ति से ओत-प्रोत रंगारंग कार्यक्रमों ने पूरे वातावरण को राष्ट्रप्रेम की भावना से भर दिया। सैकड़ों अभिभावकों ने कार्यक्रम में उपस्थित होकर विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों का आनंद लिया तथा विद्यालय द्वारा किए गए आयोजन की भूरि-भूरि प्रशंसा की।
इस अवसर पर विद्यालय के छात्र-छात्राओं के साथ सभी शिक्षक-शिक्षिकाएँ उपस्थित रहे। कार्यक्रम का सफल संचालन अंग्रेजी शिक्षक श्री कुंदन कुमार ने किया। कार्यक्रम के अंत में उपप्राचार्य श्री सुरेश कुमार वर्मा ने धन्यवाद ज्ञापन करते हुए सभी अतिथियों, अभिभावकों, शिक्षकों एवं विद्यार्थियों के प्रति आभार व्यक्त किया।
Reviewed by मधेपुरा टाइम्स
on
August 16, 2026
Rating:
.jpeg)
No comments: