बताया गया कि मारपीट की घटना के बाद प्रवेश ऋषिदेव ने अपनी सास को फोन कर बताया कि लक्ष्मी बोल नहीं रही है और उसे यहां से ले जाने को कहा। सूचना मिलने पर पड़ोसी अर्जुन ऋषिदेव और उनकी पत्नी मीरा देवी की मदद से लक्ष्मी को स्थानीय चिकित्सक के पास ले जाया गया। हालत गंभीर होने पर चिकित्सक ने उसे जेएनकेटी मेडिकल कॉलेज अस्पताल मधेपुरा रेफर कर दिया। जेएनकेटी मेडिकल कॉलेज अस्पताल मधेपुरा में इलाज के दौरान शनिवार की रात उसकी मौत हो गई।
छह माह पहले हुई थी शादी
लक्ष्मी देवी की शादी करीब छह माह पहले कुमारखंड थाना क्षेत्र के लक्ष्मीपुर वार्ड छह निवासी कैलु ऋषिदेव के पुत्र प्रवेश ऋषिदेव के साथ हुई थी। उसका मायका मुरलीगंज थाना क्षेत्र के बरियाही वार्ड संख्या तीन में है। मायके वालों के अनुसार पति-पत्नी के बीच पहले भी छोटी-छोटी बातों को लेकर विवाद होता रहता था। शनिवार को खाना मांगने की बात को लेकर विवाद बढ़ गया और मारपीट में लक्ष्मी गंभीर रूप से घायल हो गई।
फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से जुटाए साक्ष्य
![]() |
| मृतका (फ़ाइल फोटो) |
घटना की सूचना मिलने पर कुमारखंड थानाध्यक्ष रंजन कुमार, एसआई रविकांत रजक और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ आसपास के लोगों से पूछताछ की। मृतका का पोस्टमार्टम कराया गया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। मायके वाले शव को बरियाही ले गए। जहां अंतिम संस्कार किया गया।
फर्द बयान पर प्राथमिकी, आरोपी की तलाश
मुरलीगंज थाना क्षेत्र के बरियाही वार्ड तीन निवासी व मृतका की मां रेखा देवी के फर्द बयान के आधार पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज की है। थानाध्यक्ष रंजन कुमार ने बताया कि फर्द बयान के आधार पर प्राथमिकि दर्ज कर अनुसंधान शुरू कर दिया गया है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है। पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट, फॉरेंसिक जांच और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान के आधार पर मामले की जांच कर रही है।
(रिपोर्ट: मीना कुमारी)
Reviewed by मधेपुरा टाइम्स
on
August 16, 2026
Rating:


No comments: