निर्माण कार्य के तहत रेलवे ढाला के पूर्व स्थित इंडियन ऑयल पेट्रोल पंप के समीप तथा पश्चिम दिशा में रतनपट्टी मोड़ के पास कंक्रीट बैरिकेड लगाकर मुख्य मार्ग पर आवागमन रोक दिया गया। सुबह रोजाना की तरह इस मार्ग से निकले लोगों को सड़क बंद मिली। मौके पर वैकल्पिक मार्ग से संबंधित कोई सूचना बोर्ड या दिशा-निर्देश नहीं होने के कारण वाहन चालकों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
फिलहाल ऑटो, सीएनजी और अन्य छोटे वाहन रतनपट्टी होकर मुरलीगंज–मधेपुरा के बीच आवाजाही कर रहे हैं। वहीं बाइक सवार किसी तरह रेलवे ढाला पार कर अपने गंतव्य तक पहुंच रहे हैं। दूसरी ओर बसों और अन्य बड़े वाहनों के लिए निर्धारित वैकल्पिक मार्ग की स्पष्ट जानकारी उपलब्ध नहीं होने से चालकों में भ्रम की स्थिति बनी रही।
सबसे अधिक परेशानी सीएनजी ऑटो चालकों को हुई। चालकों ने बताया कि रतनपट्टी होकर जाने से दूरी और समय दोनों बढ़ गए हैं। इससे ईंधन की खपत बढ़ रही है और एक फेरा पूरा करने में पहले की तुलना में काफी अधिक समय लग रहा है। कई यात्रियों ने लंबा रास्ता और अधिक समय लगने के कारण बीच रास्ते में ही वाहन छोड़ दिया, जिससे यात्रियों और चालकों दोनों को असुविधा हुई।
स्थानीय लोगों का कहना है कि रेलवे ओवरब्रिज निर्माण क्षेत्र के विकास के लिए आवश्यक है, लेकिन यातायात व्यवस्था को व्यवस्थित रखना भी उतना ही जरूरी है। उनका कहना है कि यदि सड़क बंद करने से पहले वैकल्पिक मार्ग का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाता और प्रमुख स्थानों पर संकेतक बोर्ड लगाए जाते तो लोगों को इतनी परेशानी नहीं झेलनी पड़ती।
Reviewed by मधेपुरा टाइम्स
on
July 22, 2026
Rating:


No comments: