छात्र से मारपीट के मामले में डीईओ को दिया आवेदन, जांच व कार्रवाई की मांग

मुरलीगंज (मधेपुरा)। उत्क्रमित मध्य विद्यालय, मीरगंज में छात्र के साथ मारपीट के मामले को लेकर विद्यालय शिक्षा समिति (विशिस) की अध्यक्ष सह वार्ड सदस्य वीणा देवी ने जिला शिक्षा पदाधिकारी को आवेदन देकर मामले की जांच कर कार्रवाई की मांग की है। आवेदन में उन्होंने विद्यालय के शिक्षक सिराजूल उर्फ इकबाल पर अपने पुत्र आशीष कुमार, वर्ग आठ, के साथ बेरहमी से मारपीट करने का आरोप लगाया है।

आवेदन के अनुसार, आठ अगस्त को विद्यालय में खेल-कूद के दौरान बच्चों के बीच विवाद हुआ था। आरोप है कि शिक्षक सिराजूल के पुत्र ने इसकी शिकायत अपने पिता से की। इसके बाद शिक्षक ने मामले की जानकारी प्रधानाध्यापक को देने के बजाय उनके पुत्र आशीष को बिना पूरी बात जाने-समझे मारपीट कर दी। वीणा देवी ने आरोप लगाया कि पूर्व में भी उक्त शिक्षक द्वारा उनके पुत्र के साथ मारपीट की गई थी। उस समय ग्रामीणों के हस्तक्षेप से मामला शांत कराया गया था।

विशिस अध्यक्ष ने आवेदन में शिक्षक पर बार-बार उनके पुत्र के साथ दुर्व्यवहार करने का आरोप लगाया है। उन्होंने यह भी कहा है कि संबंधित शिक्षक स्थानीय हैं और उनका ससुराल विद्यालय के समीप है। उनके अनुसार, विद्यालय की व्यवस्था देखने जाने पर शिक्षक द्वारा उनके साथ भी दुर्व्यवहार किया जाता है। किसी विवाद की स्थिति में शिक्षक के ससुराल पक्ष के लोगों के विद्यालय पहुंचने से हंगामे की स्थिति बनती है, जिससे विद्यालय में छात्र-छात्राओं का पठन-पाठन भी प्रभावित होता है।

मामले को लेकर विशिस अध्यक्ष ने प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी और जिला शिक्षा पदाधिकारी को आवेदन देकर निष्पक्ष जांच कर दोषी के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की है।

इस संबंध में जिला शिक्षा पदाधिकारी संजय कुमार ने बताया कि मामले को लेकर आवेदन प्राप्त हुआ है। जांच कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

छात्र से मारपीट के मामले में डीईओ को दिया आवेदन, जांच व कार्रवाई की मांग छात्र से मारपीट के मामले में डीईओ को दिया आवेदन, जांच व कार्रवाई की मांग Reviewed by मधेपुरा टाइम्स on August 11, 2026 Rating: 5

No comments:

Powered by Blogger.