पितृशोक में बीएसएफ कमांडेंट कृष्णकांत, पूर्व व्यापार मंडल अध्यक्ष शिवनंदन यादव का निधन


88 वर्ष की उम्र में कोयंबटूर में ली अंतिम सांस, पकिलपार में गाजे-बाजे के साथ निकली अंतिम यात्रा में उमड़ा जनसैलाब

मुरलीगंज। प्रखंड क्षेत्र के पकिलपार गांव निवासी एवं पूर्व व्यापार मंडल अध्यक्ष शिवनंदन यादव का 88 वर्ष की उम्र में निधन हो गया। उन्होंने 15 अगस्त की रात तमिलनाडु के कोयंबटूर स्थित केएमसीएच मेडिकल कॉलेज में इलाज के दौरान हृदयगति रुकने से अंतिम सांस ली। उनके निधन की खबर मिलते ही गांव व क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।

परिजनों के अनुसार, शिवनंदन यादव लंबे समय से बीमार चल रहे थे और उनका कोयंबटूर में इलाज चल रहा था। निधन के बाद उनका पार्थिव शरीर हवाई मार्ग से बागडोगरा लाया गया, जहां से सड़क मार्ग से उनके पैतृक गांव पकिलपार लाया गया। मंगलवार को हिंदू रीति-रिवाज के अनुसार उनका अंतिम संस्कार किया गया। इससे पहले अंतिम दर्शन के लिए गाजे-बाजे के साथ भव्य शवयात्रा निकाली गई, जो पूरे गांव का भ्रमण करते हुए श्मशान घाट पहुंची। शवयात्रा में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, समाजसेवी, रिश्तेदार और हजारों ग्रामीण शामिल हुए।

उनके ज्येष्ठ पुत्र कृष्णकांत कुमार ने बताया कि उनके पिता वर्ष 1999 में निर्विरोध व्यापार मंडल अध्यक्ष चुने गए थे। वे लंबे समय तक सामाजिक एवं राजनीतिक क्षेत्र में सक्रिय रहे। अपने व्यवहार और सामाजिक सरोकारों के कारण वे क्षेत्र में काफी लोकप्रिय थे और लोग उन्हें सम्मानपूर्वक ‘शिवनंदन मुखिया’ के नाम से भी जानते थे।

मुखिया संघ के अध्यक्ष सह हरिपुरकला पंचायत के मुखिया डॉ. आलोक कुमार, सरपंच पंकज यादव सहित अन्य लोगों ने कहा कि शिवनंदन बाबू समाज की धरोहर थे। उनका निधन क्षेत्र के लिए अपूरणीय क्षति है।
बताया गया कि शिवनंदन यादव के छोटे भाई अभिनंदन यादव बिहार पुलिस में डीएसपी पद से सेवानिवृत्त हुए हैं। वहीं उनके ज्येष्ठ पुत्र कृष्णकांत कुमार बीएसएफ में कमांडेंट हैं और वर्तमान में ओडिशा के उग्रवाद प्रभावित क्षेत्र में पदस्थापित हैं। पिता के निधन से कृष्णकांत कुमार सहित पूरा परिवार पितृशोक में डूबा है।
शिवनंदन यादव के निधन पर क्षेत्र के सांसद, विधायक सहित विभिन्न जनप्रतिनिधियों ने दूरभाष के माध्यम से शोक-संवेदना व्यक्त की। सामाजिक एवं राजनीतिक कार्यकर्ताओं तथा आम लोगों ने भी शोकाकुल परिवार के प्रति संवेदना जताते हुए दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।
(रिपोर्ट: संजय कुमार)
पितृशोक में बीएसएफ कमांडेंट कृष्णकांत, पूर्व व्यापार मंडल अध्यक्ष शिवनंदन यादव का निधन पितृशोक में बीएसएफ कमांडेंट कृष्णकांत, पूर्व व्यापार मंडल अध्यक्ष शिवनंदन यादव का निधन Reviewed by मधेपुरा टाइम्स on August 19, 2026 Rating: 5

No comments:

Powered by Blogger.