27 मार्च को गूंजेगा जय श्रीराम का उद्घोष, निकलेगी ऐतिहासिक भव्य शोभायात्रा

मधेपुरा। रामभक्ति और आस्था के महापर्व रामनवमी के अवसर पर 27 मार्च को मधेपुरा नगर एक बार फिर भगवामय होगा। मधेपुरा नगर रामनवमी समिति के तत्वावधान में इस वर्ष भी भव्य और ऐतिहासिक शोभायात्रा पूरे शहर में निकाली जाएगी। आयोजन को लेकर नगर में जबरदस्त उत्साह का माहौल है तथा तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच चुकी हैं।

नगर रामनवमी समिति के अध्यक्ष संजय सागर ने बताया कि यह शोभायात्रा केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि सामाजिक एकता और सांस्कृतिक गौरव का प्रतीक है। भगवान श्रीराम की आकर्षक झांकियां, सुसज्जित रथ, बैंड-बाजे, ढोल-नगाड़े एवं पारंपरिक वेशभूषा में श्रद्धालुओं की सहभागिता इस आयोजन को भव्यता प्रदान करेगी। उन्होंने नगरवासियों से अपील की कि अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर रामनवमी को ऐतिहासिक बनाएं।

कार्यकारिणी अध्यक्ष सह कोषाध्यक्ष अजय कुमार ने कहा कि शोभायात्रा शांतिपूर्ण, अनुशासित एवं गरिमामय ढंग से निकाली जाएगी। प्रशासनिक अधिकारियों से समन्वय स्थापित कर सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था की विशेष तैयारी की गई है। स्वयंसेवकों की विशेष टीम व्यवस्था संभालेगी ताकि आयोजन सफल एवं सुव्यवस्थित रहे।

शोभायात्रा नगर के प्रमुख मार्गों से होते हुए गुजरेगी, जहां विभिन्न सामाजिक संगठनों एवं श्रद्धालुओं द्वारा पुष्पवर्षा और भव्य स्वागत की तैयारी की जा रही है।

रामनवमी के इस पावन अवसर पर मधेपुरा नगर भक्तिमय वातावरण में सराबोर रहेगा और चारों ओर "जय श्रीराम" के जयघोष से वातावरण गूंज उठेगा। इस अवसर पर समाजसेवी अरविंद अकेला, अर्जुन कुमार, गणेश, आदि उपस्थित रहे।
27 मार्च को गूंजेगा जय श्रीराम का उद्घोष, निकलेगी ऐतिहासिक भव्य शोभायात्रा 27 मार्च को गूंजेगा जय श्रीराम का उद्घोष, निकलेगी ऐतिहासिक भव्य शोभायात्रा Reviewed by मधेपुरा टाइम्स on March 20, 2026 Rating: 5

No comments:

Powered by Blogger.