मधेपुरा में एलपीजी गैस की पर्याप्त उपलब्धता, आपूर्ति व्यवस्था पूरी तरह सुचारू: जिला प्रशासन

आज दिनांक 20 मार्च 2026 को समाहरणालय परिसर स्थित न्यू एनआईसी सभागार में मधेपुरा जिले में घरेलू एलपीजी गैस की उपलब्धता एवं वितरण व्यवस्था को लेकर जिला आपूर्ति पदाधिकारी एवं जिला सूचना एवं जनसंपर्क पदाधिकारी द्वारा संयुक्त रूप से प्रेस वार्ता आयोजित की गई।

प्रेस वार्ता में बताया गया कि जिले में घरेलू एलपीजी गैस की आपूर्ति पूरी तरह सामान्य एवं सुचारू है तथा सभी क्षेत्रों में गैस पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध है। जिले में कुल 40 गैस एजेंसियां कार्यरत हैं, जिनमें इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन लिमिटेड (IOCL) की 18, हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड (HPCL) की 15 तथा भारत पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड (BPCL) की 7 एजेंसियां शामिल हैं। इन एजेंसियों के माध्यम से उपभोक्ताओं की मांग के अनुरूप गैस आपूर्ति लगातार सुनिश्चित की जा रही है।

वेंडर के माध्यम से बुकिंग के आधार पर उपभोक्ताओं के घर-घर जाकर एलपीजी गैस सिलेंडर की आपूर्ति की जा रही है। जिले में कुल 4,04,080 एलपीजी उपभोक्ताओं में से 2,78,661 उपभोक्ता प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के अंतर्गत लाभान्वित हैं, जबकि 1,25,419 अन्य सामान्य उपभोक्ता हैं।

दिनांक 20 मार्च 2026 को विभिन्न गैस एजेंसियों के गोदामों में कुल 15,593 भरे हुए एलपीजी सिलेंडर उपलब्ध हैं। वहीं, 19 मार्च 2026 को कुल 3,675 घरेलू गैस सिलेंडरों की बिक्री की गई थी। इन आंकड़ों से स्पष्ट है कि जिले में एलपीजी गैस की कोई कमी नहीं है और आपूर्ति पूरी तरह संतुलित बनी हुई है।

जिला प्रशासन द्वारा घरेलू गैस वितरण प्रणाली को सुचारू, पारदर्शी एवं उपभोक्ता हितैषी बनाए रखने के लिए निरंतर आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं। किसी भी प्रकार की शिकायत प्राप्त होने पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है।

जिला प्रशासन ने सभी उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे गैस आपूर्ति से संबंधित किसी भी प्रकार की भ्रामक अफवाहों पर ध्यान न दें तथा आवश्यकता अनुसार ही गैस बुकिंग कराएं, ताकि समय पर घर तक गैस की आपूर्ति सुनिश्चित हो सके।

उपभोक्ताओं की सहायता के लिए जिला नियंत्रण कक्ष स्थापित किया गया है। इसके लिए दूरभाष संख्या 06476-222220 एवं टोल-फ्री हंटिंग लाइन संख्या 1800-345-6318 जारी की गई है।

इस अवसर पर प्रिंट एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के प्रतिनिधि उपस्थित थे।



मधेपुरा में एलपीजी गैस की पर्याप्त उपलब्धता, आपूर्ति व्यवस्था पूरी तरह सुचारू: जिला प्रशासन मधेपुरा में एलपीजी गैस की पर्याप्त उपलब्धता, आपूर्ति व्यवस्था पूरी तरह सुचारू: जिला प्रशासन Reviewed by मधेपुरा टाइम्स on March 20, 2026 Rating: 5

No comments:

Powered by Blogger.