चार लाख की चोरी की कोशिश नाकाम, दो नाबालिग चोर ग्रामीणों के हत्थे चढ़े

मुरलीगंज नगर पंचायत के वार्ड संख्या 13 में शनिवार देर रात ग्रामीणों की सतर्कता से लाखों रुपये की चोरी की एक बड़ी घटना टल गई। छत ढलाई के लिए घर में रखे करीब चार लाख रुपये चुराने की कोशिश कर रहे दो नाबालिग चोरों को ग्रामीणों ने रंगे हाथ पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।


पीड़ित गृहस्वामी लालू कुमार, वार्ड 13 निवासी, ने बताया कि उन्होंने अपने घर की छत की ढलाई के लिए भैंस बेचकर एवं अन्य स्रोतों से लगभग चार लाख रुपये की राशि जुटाई थी, जिसे घर में सुरक्षित रखकर निर्माण कार्य की तैयारी कर रहे थे। शनिवार देर रात इसी रकम पर नजर गड़ाए चोर उनके घर में घुस आए।

इसी दौरान ग्रामीणों की नजर संदिग्ध गतिविधि पर पड़ी। ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए एक चोर को मौके पर ही पकड़ लिया, जबकि अन्य भागने का प्रयास करने लगे। पकड़े गए युवक की पहचान वार्ड 13 निवासी के रूप में हुई। पूछताछ के दौरान उसने अपने साथी का नाम बताया, जो उसी समय भीड़ में मौजूद था। नाम सामने आते ही उसके साथी के हाव-भाव संदिग्ध हो गए, जिससे ग्रामीणों को उस पर भी शक हुआ।

इसके बाद ग्रामीणों ने दोनों युवकों को पकड़कर मुरलीगंज थाना को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ के लिए थाने ले गई।

थानाध्यक्ष अजीत कुमार ने बताया कि चोरी के प्रयास के आरोप में दो युवकों को ग्रामीणों द्वारा पुलिस को सौंपा गया है। फिलहाल कोई लिखित आवेदन प्राप्त नहीं हुआ है। आवेदन मिलने के बाद विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी।

चार लाख की चोरी की कोशिश नाकाम, दो नाबालिग चोर ग्रामीणों के हत्थे चढ़े चार लाख की चोरी की कोशिश नाकाम, दो नाबालिग चोर ग्रामीणों के हत्थे चढ़े Reviewed by मधेपुरा टाइम्स on February 01, 2026 Rating: 5

No comments:

Powered by Blogger.