टेंगराहा, 8 मार्च 2026। टेंगराहा स्थित श्यामप्रिया सामाजिक समरसता केंद्र में एक निःशुल्क मेगा हेल्थ कैंप का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का उद्धाटन भारतीय विदेश सेवा (IFS) के सुशील कुमार ने किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता वरिष्ठ शिक्षाविद् प्रो॰ श्यामल किशोर यादव ने की। इस स्वास्थ्य शिविर का आयोजन रोटरी क्लब ऑफ मधेपुरा और जगदीश पब्लिक चैरिटेबल ट्रस्ट के सहयोग से किया गया। यह कार्यक्रम केंद्र के द्वारा किए जाने वाले सालाना कार्यक्रम “जुट 2026” के अंतर्गत किया गया।
इस शिविर में आस-पास के गांवों से आए बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लेकर स्वास्थ्य जाँच और डॉक्टरी सलाह का लाभ उठाया। अनुभवी चिकित्सकों की टीम ने मरीजों की जाँच की तथा आवश्यक सुझाव और दवाइयाँ उपलब्ध कराई गईं।
शिविर में अपनी सेवाएँ देने वाले चिकित्सकों में डॉ. आलोक कुमार निरंजन (सर्जन), डॉ. पी. प्रियदर्शिनी (स्त्री रोग विशेषज्ञ), डॉ. पी. के. मधुकर (हड्डी रोग विशेषज्ञ), डॉ. अमित आनंद (नेत्र रोग विशेषज्ञ), डॉ. दीपक कुमार (जनरल फिजिशियन), डॉ. राकेश रोशन (जनरल फिजिशियन), डॉ. जितेंद्र कुमार (नाक, कान और गला रोग विशेषज्ञ), डॉ. एस. एन. यादव (शिशु रोग विशेषज्ञ), डॉ. प्रमोद कुमार (दंत रोग विशेषज्ञ) तथा डॉ. आनंद कुमार (दंत रोग विशेषज्ञ) शामिल थे। इन गणमान्य चिकित्सकों के साथ पैरामेडिकल स्टाफ़ की एक बड़ी टीम भी थी।
शिविर में मरीजों का सामान्य स्वास्थ्य परीक्षण, रक्तचाप, मधुमेह आदि की जाँच की गई और विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श दिया गया। ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाओं की सीमित उपलब्धता को देखते हुए यह शिविर स्थानीय लोगों के लिए अत्यंत उपयोगी सिद्ध हुआ। IFS सुशील कुमार ने उद्घाटन वक्तव्य में सुदूर गाँव टेंगराहा में होने वाले इस शिविर की इस उपयोगिता को रेखांकित किया।
आयोजकों ने बताया कि समाज में स्वास्थ्य जागरूकता बढ़ाने तथा जरूरतमंद लोगों तक चिकित्सा सुविधाएँ पहुँचाने के उद्देश्य से इस प्रकार के शिविरों का आयोजन किया जाता है। उन्होंने कहा कि सामाजिक सहयोग और जनभागीदारी के माध्यम से ही समाज के कमजोर वर्गों तक आवश्यक सेवाएँ पहुँचाई जा सकती हैं।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में स्थानीय नागरिकों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और स्वयंसेवकों का सक्रिय सहयोग रहा। अंत में सभी चिकित्सकों और सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया गया।
मधेपुरा के टेंगराहा गाँव में निःशुल्क मेगा हेल्थ कैंप का आयोजन, बड़ी संख्या में लोगों ने उठाया लाभ
Reviewed by मधेपुरा टाइम्स
on
March 08, 2026
Rating:
No comments: