खो-खो एसोसिएशन ऑफ बिहार एवं मुंगेर जिला खो-खो संघ के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित बिहार स्टेट सब-जूनियर बालक एवं बालिका खो-खो चैंपियनशिप में समस्तीपुर की बालिका टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए उपविजेता का स्थान प्राप्त किया। इसी उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर समस्तीपुर जिले से मीनाक्षी सिंघानिया एवं एहम कुमार का चयन राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए किया गया है।
चयनित खिलाड़ी 31 जनवरी से 4 फरवरी तक हरियाणा के कुरुक्षेत्र में आयोजित राष्ट्रीय सब-जूनियर खो-खो चैंपियनशिप में बिहार का प्रतिनिधित्व करेंगे।
मीनाक्षी वर्तमान में समस्तीपुर स्थित संत पॉल सेकेंडरी स्कूल में कक्षा नौवीं की छात्रा हैं। उनके माता-पिता के अनुसार, मीनाक्षी पढ़ाई के साथ-साथ खेलों में भी विशेष रुचि रखती हैं। नियमित अभ्यास, अनुशासन और कड़ी मेहनत के बल पर उन्होंने कम उम्र में ही राज्य स्तर पर अपनी अलग पहचान बना ली है।
मीनाक्षी के पिता सूर्य प्रकाश सिंघानिया, जो पेशे से अधिवक्ता हैं, ने बताया कि बेटी को पढ़ाई के साथ खेलों के लिए भी हमेशा प्रोत्साहित किया गया है। वहीं उनकी माता अलका यादव, जो एक कुशल गृहणी हैं, ने कहा कि मीनाक्षी शुरू से ही मेहनती रही है और समय का संतुलन बनाकर पढ़ाई व खेल—दोनों में लगातार आगे बढ़ रही है।
मीनाक्षी की इस उपलब्धि पर क्षेत्र के कई गणमान्य व्यक्तियों, समाजसेवियों, खेल प्रेमियों एवं स्थानीय लोगों ने बधाई दी है। मुरलीगंज की बेटी की यह सफलता क्षेत्र के अन्य खिलाड़ियों के लिए प्रेरणास्रोत बन रही है। लोगों को उम्मीद है कि मीनाक्षी राष्ट्रीय स्तर पर भी जिले और राज्य का नाम रोशन करेगी।
Reviewed by मधेपुरा टाइम्स
on
January 30, 2026
Rating:


No comments: