गायत्री कुमारी उत्क्रमित उच्च माध्यमिक विद्यालय, उदा किशनगंज (मधेपुरा) की कक्षा 9वीं की छात्रा हैं। राज्य स्तरीय विद्यालय खेलकूद प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन के आधार पर उनका चयन राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए किया गया है।
जैसे ही गायत्री के चयन की सूचना मिली, विद्यालय परिसर से लेकर पंचायत मधुबन गांव, उदा वार्ड नंबर-3 तक खुशी की लहर दौड़ गई। बधाई देने वालों का तांता लग गया। ग्रामीणों ने इसे पूरे क्षेत्र के लिए गौरव का क्षण बताया।
विद्यालय के प्रधानाध्यापक अभिनंदन कुमार ने कहा कि गायत्री शुरू से ही मेहनती और अनुशासित छात्रा रही है। अपने खेल के दम पर राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचना विद्यालय के लिए गर्व की बात है। इससे अन्य छात्र-छात्राओं को भी खेल के प्रति प्रेरणा मिलेगी। गायत्री के चयन पर विद्यालय के शिक्षक नीरज कुमार (शारीरिक शिक्षा एवं स्वास्थ्य अनुदेशक), अभय ठाकुर, रविंद्र कुमार, अजय कुमार राय, रतन कुमार, विनीत कुमार, सुशील कुमार, रत्नेश कुमार सहित शिक्षिकाएं महारानी कुमारी, काजल कुमारी और रानी कुमारी ने खुशी जताते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
बता दे कि गायत्री के पिता वीरेंद्र महतो दिल्ली में मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करते हैं। उन्होंने बेटी की इस उपलब्धि पर गर्व जताते हुए कहा कि गायत्री शुरू से ही मेहनती और लगनशील रही है। उसकी कड़ी मेहनत ने आज यह मुकाम दिलाया है। वहीं उनकी माता पुष्पा देवी, जो गृहिणी हैं, गांव में छोटा-मोटा काम कर परिवार को संभालती हैं।मधेपुरा जिला हैंडबॉल संघ के सचिव दीपक प्रकाश रंजन ने बताया कि राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन के आधार पर गायत्री का चयन किया गया है। वहीं संघ के अध्यक्ष राजनंदन कुमार ने कहा कि गांव के बच्चों में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है, जरूरत है उन्हें सही मंच और प्रशिक्षण देने की। संघ का लक्ष्य है कि ग्रामीण क्षेत्र के बच्चे राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर जिले राज्य और देश का नाम रोशन करें। गायत्री को राष्ट्रीय स्तर के लिए तैयार करने में प्रशिक्षक नीरज कुमार की अहम भूमिका रही, जिन्होंने दिन-रात मेहनत कर उन्हें इस मुकाम तक पहुंचाया। राष्ट्रीय खिलाड़ी रूपक कुमार रंजन ने भी गायत्री को शुभकामनाएं देते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
अब पूरे जिले की निगाहें सोमनाथ में होने वाली राष्ट्रीय प्रतियोगिता पर टिकी हैं, जहां मधेपुरा की बेटी गायत्री कुमारी अपने खेल से बिहार का परचम लहराने उतरेगी।
Reviewed by मधेपुरा टाइम्स
on
January 18, 2026
Rating:


No comments: