भीषण आगजनी: दो परिवारों के घर राख, पशुधन-नकदी- अनाज जलकर नष्ट, प्रशासन ने दी आपदा सहायता


मुरलीगंज प्रखंड के बेलो गांव में गुरुवार की रात हुए भीषण अग्निकांड में दो परिवारों का आशियाना जलकर राख हो गया। बिजली के शॉर्ट सर्किट से लगी आग ने देखते ही देखते विकराल रूप ले लिया, जिससे लाखों रुपये की संपत्ति, अनाज, नकदी और पशुधन का भारी नुकसान हुआ। घटना बेलो पंचायत के वार्ड संख्या-1 की है।
पहली घटना चंदन देवी, पति बबलू यादव के घर में रात करीब 10 बजे हुई, जहां अचानक लगी आग ने उनके चारों घरों को अपनी चपेट में ले लिया। इस अग्निकांड में एक दुधारू गाय और छह बकरियां जलकर मौत के शिकार हो गईं। उनके घर में रखा दो क्विंटल गेहूं, 20 क्विंटल धान, 31 हजार रुपये नकद, कपड़े, बर्तन और अन्य घरेलू सामान भी नष्ट हो गया।

आग की लपटें इतनी तेज थीं कि पड़ोसी प्रीति देवी, पति सिंटू यादव का घर भी इसकी जद में आ गया। उनके घर में रखा एक क्विंटल गेहूं, 12 क्विंटल धान, 22 हजार रुपये नकद और फर्नीचर समेत अन्य सामान जलकर राख हो गया।

घटना की जानकारी मुखिया दयानंद कुमार यादव ने त्वरित रूप से मुरलीगंज अंचलाधिकारी कुंदन कुमार को दी। सूचना मिलते ही अंचलाधिकारी दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे और दोनों अग्नि पीड़ित परिवारों से मिलकर उन्हें प्लास्टिक की तिरपाल प्रदान की। साथ ही आपदा राहत सहायता के तहत प्रत्येक परिवार को 12-12 हजार रुपये का चेक भी मुखिया की उपस्थिति में उपलब्ध कराया गया। साथ ही तत्काल सहायता के रूप में सुखा राशन भी दिया गया।
मुखिया दयानंद कुमार यादव ने बताया कि स्थानीय जनप्रतिनिधियों और दुकानदारों को तत्काल राशन उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया है, ताकि पीड़ित परिवारों को भोजन संबंधी कठिनाई न हो। दोनों परिवारों ने मुरलीगंज थानाध्यक्ष से सनहा दर्ज करने का अनुरोध किया है, ताकि उन्हें आगे सरकारी सहायता प्राप्त हो सके।
(रिपोर्ट: संजय कुमार)
भीषण आगजनी: दो परिवारों के घर राख, पशुधन-नकदी- अनाज जलकर नष्ट, प्रशासन ने दी आपदा सहायता भीषण आगजनी: दो परिवारों के घर राख, पशुधन-नकदी- अनाज जलकर नष्ट, प्रशासन ने दी आपदा सहायता Reviewed by मधेपुरा टाइम्स on November 21, 2025 Rating: 5

No comments:

Powered by Blogger.