मधेपुरा जिला के घैलाढ़ प्रखंड के परमानपुर गांव के दो उभरते खिलाड़ी बाबु कुमार और अभिषेक कुमार ने मधेपुरा का मान बढ़ा दिया है। दोनों का चयन राष्ट्रीय विद्यालय खेलकूद मल्लखंब प्रतियोगिता के लिए हुआ है, जो उज्जैन (मध्यप्रदेश) में 24 से 28 नवंबर 2025 तक आयोजित की जाएगी। इनके चयन से परमानपुर, मधेपुरा और सहरसा जिले में खुशी की लहर दौड़ गई है।
बता दे कि बाबु कुमार कामेश्वर उच्च माध्यमिक विद्यालय परमानपुर घैलाढ के छात्र हैं। उनके पिता सूरज पोद्दार मजदूरी कर परिवार चलाते हैं, लेकिन आर्थिक तंगी कभी बाबु के हौसले के सामने टिक नहीं सकी।विद्यालय के प्रधानाध्यापक प्रवीण कुमार ने बाबु की स्थिति को समझते हुए खेल उपकरणों से लेकर हर जरूरत में सहयोग किया और लगातार उसे प्रेरित करते रहे। प्रधानाध्यापक प्रवीण कुमार ने कहा बाबु की लगन देखकर लगता था कि यह बच्चा एक दिन जरूर आगे जाएगा। हमने उसे हर संभव सहयोग दिया ताकि उसके सपनों में कोई कमी न रह जाए।
बाबु के चयन की खबर मिलते ही विद्यालय में खुशी की लहर दौड़ गई और छात्रों में भी नया उत्साह देखा गया। वही दूसरे चयनित खिलाड़ी अभिषेक कुमार, जिला स्कूल सहरसा के छात्र हैं। उनके पिता अखिलेश कुमार खेती और मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। मां रीका कुमारी गृहिणी हैं। मुश्किल परिस्थितियों के बावजूद अभिषेक ने लगातार मेहनत कर खुद को साबित किया। जिला स्कूल के प्रधानाध्यापक कपिल देव यादव ने बताया अभिषेक शुरू से ही खेल के प्रति समर्पित रहा है। इसके चयन से स्कूल का गौरव बढ़ा है और कई छात्र इससे प्रेरित हो रहे हैं। मल्लखंब संघ के सचिव अखिलेश कुमार अकेला ने भी अभिषेक की मेहनत और निरंतर अभ्यास को उसकी सफलता का कारण बताया। दोनों विद्यालयों के शिक्षकों ने साबित किया कि एक शिक्षक सिर्फ पढ़ाता ही नहीं, बल्कि बच्चों के सपनों को उड़ान देने वाला मार्गदर्शक भी होता है।
दोनों खिलाड़ियों के चयन की जानकारी मिलते ही परमानपुर गांव में खुशी का माहौल बन गया।
भारतंधा पंचायत के लोगों ने दोनों खिलाड़ियों और उनके परिवारों को बधाई दी।मधेपुरा जिला हैंडबॉल संघ के सचिव दीपक प्रकाश रंजन ने भी दोनों खिलाड़ियों के पिता और प्रशिक्षकों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि बाबु और अभिषेक जैसे प्रतिभाशाली बच्चे जिले का भविष्य हैं। उन्होंने कहा दोनों खिलाड़ी अब उज्जैन में होने वाली राष्ट्रीय प्रतियोगिता में मेडल जीतकर बिहार का नाम रोशन करना चाहते हैं। परिवार, शिक्षकों और गांव के लोगों को उम्मीद है कि ये दोनों खिलाड़ी इस बार भी अपना कमाल दिखाएंगे।
(रिपोर्ट: लालेंद्र कुमार)
बिहार टीम के लिए बाबु और अभिषेक का राष्ट्रीय मल्लखंब प्रतियोगिता में चयन
Reviewed by मधेपुरा टाइम्स
on
November 20, 2025
Rating:
No comments: