हत्या: धान के खेत में खून से लथपथ मिला अधेड़ का शव

मधेपुरा जिले के मुरलीगंज प्रखंड अंतर्गत बेलो पंचायत वार्ड संख्या 3 में सोमवार की सुबह उस वक्त सनसनी फैल गई जब उप स्वास्थ्य केंद्र के समीप नहर किनारे धान के खेत में खून से लथपथ एक अधेड़ व्यक्ति का शव बरामद किया गया। शव मिलने की सूचना आग की तरह पूरे इलाके में फैल गई और देखते ही देखते घटनास्थल पर सैकड़ों की भीड़ उमड़ पड़ी।

मृतक की पहचान खाड़ी गांव निवासी जसवंत कुमार के रूप में

घटनास्थल पर पहुंची पुलिस ने शव की पहचान बेलो पंचायत के खाड़ी गांव वार्ड संख्या 14 निवासी 40 वर्षीय जसवंत कुमार, पिता स्वर्गीय शुभक लाल यादव के रूप में की। परिजनों ने बताया कि रविवार की शाम वह घर पर भैंस का दूध निकालने के बाद से लापता हो गए थे। रातभर परिजन उनकी खोजबीन करते रहे लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। सोमवार सुबह ग्रामीणों ने धान के खेत में उनकी लाश देखी।

ग्रामीणों ने जताई हत्या की आशंका

स्थानीय लोगों का कहना है कि जसवंत की हत्या कर शव को खेत में फेंक दिया गया। गांव के ही शिवकुमार यादव ने बताया कि शाम 7 बजे तक जसवंत को भैंस का दूध निकालते देखा गया था। उनके मुताबिक पति-पत्नी के बीच काफी दिनों से विवाद चल रहा था। वहीं कुछ ग्रामीणों ने जमीन के लेन-देन को लेकर विवाद की ओर इशारा किया।

जमीन विवाद और पारिवारिक कलह

मृतक के भतीजे चंद्रभूषण उर्फ सुनील यादव ने बताया कि चाचा जसवंत की कोई संतान नहीं थी, केवल तीन बेटियां थीं—बड़ी बेटी नेहा कुमारी (विवाहिता), दूसरी निधि (13 वर्ष) और तीसरी ब्यूटी (11 वर्ष)। चाचा पर जमीन अपने दामाद अमित कुमार (पिता सज्जन यादव, निवासी खाड़ी वार्ड 16) के नाम लिखवाने का दबाव था।

मृतक की मां ने भी सनसनीखेज खुलासा करते हुए कहा कि रविवार रात पंकज यादव का बेटा अंशु उनके घर आया था और जसवंत को खाद ढोने के बहाने पस्तपार ले गया। उसके बाद वह घर नहीं लौटे और सुबह खेत में उनकी लाश मिली।

पुलिस की कार्रवाई, परिजनों से पूछताछ

घटना की सूचना मिलते ही मुरलीगंज थानाध्यक्ष अजीत कुमार दलबल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए मधेपुरा भेज दिया। थानाध्यक्ष ने बताया कि मृतक और उनकी पत्नी पुनीता देवी के बीच जमीन विवाद का मामला न्यायालय में लंबित है। इस मामले में मृतक की पत्नी पुनीता देवी और बड़े साढ़ू राजेश यादव को पूछताछ के लिए थाना लाया गया है।

जांच के बाद ही स्पष्ट होगा रहस्य

फिलहाल पुलिस हर एंगल से मामले की जांच कर रही है। ग्रामीणों के अलग-अलग बयानों और परिजनों द्वारा लगाए गए आरोपों को आधार बनाकर अनुसंधान जारी है। हत्या पारिवारिक विवाद के कारण हुई या इसके पीछे कोई और वजह है, यह पोस्टमार्टम रिपोर्ट और आगे की जांच के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा।

हत्या: धान के खेत में खून से लथपथ मिला अधेड़ का शव हत्या: धान के खेत में खून से लथपथ मिला अधेड़ का शव Reviewed by मधेपुरा टाइम्स on August 18, 2025 Rating: 5

No comments:

Powered by Blogger.