सावन की अंतिम सोमवारी को जिले के सिंहेश्वर स्थान स्थित बाबा सिंहेश्वर महादेव शिवलिंग पर जलाभिषेक कर बाइक से घर लौट रहे दो युवकों को तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार युवक का मौके पर ही मौत हो गई।
मृतक की शिनाख्त कुमारखंड थाना क्षेत्र के बैशाढ निवासी राहुल कुमार उर्फ मुन्ना के रुप में हुई। जबकि बाइक पर सवार दूसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना सोमवार अहले सुबह मधेपुरा जिले के भर्राही थाना क्षेत्र के चांदनी चौक स्थित एनएच-107 समीप हुई। बताया गया कि राहुल कुमार रविवार शाम में पूर्णिया जिले के जानकीनगर थाना क्षेत्र के रहने वाले अपने एक रिश्तेदार के साथ बाइक से सिंहेश्वर स्थान गए थे। सोमवार सुबह बाबा सिंहेश्वर मंदिर स्थित शिवलिंग पर जलाभिषेक करने के पश्चात उक्त युवक बाइक से कुमारखंड थाना क्षेत्र स्थित बैसाढ़ गांव लौट रहे थे।घर लौटने के दौरान मधेपुरा जिले के भर्राही थाना क्षेत्र स्थित एनएच 107 पर चांदनी चौक के पास मधेपुरा की ओर से आ रही तेज रफ्तार और अनियंत्रित अज्ञात स्कॉर्पियो ने उनकी बाइक में पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद बाइक चला रहे राहुल सड़क पर दूर जा गिरे। सिर में गंभीर चोट लगने के कारण उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई।जबकि बाइक पर पीछे बैठे युवक को भी गंभीर चोटें आईं।
हादसे के बाद घटनास्थल पर स्थानीय लोगों की भीड़ जमा हो गई। ग्रामीणों ने घायल युवक को आनन-फानन में जेएनकेटी मेडिकल कॉलेज अस्पताल मधेपुरा पहुंचाया, जहां उसकी स्थिति गंभीर बताई जा रही है।
घटना के बाद स्कॉर्पियो चालक वाहन लेकर मीरगंज की ओर फरार हो गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। पुलिस फरार स्कॉर्पियो और उसके चालक की पहचान करने में जुटी है।
राहुल कुमार बैसाढ़ स्थित शिव मंदिर के कोषाध्यक्ष भी थे। उनकी असामयिक मौत की खबर मिलते ही गांव में शोक की लहर दौड़ गई। बड़ी संख्या में ग्रामीण और परिजन अस्पताल पहुंचे। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
(रिपोर्ट: मीना कुमारी)
युवक की सड़क हादसे में मौत, दूसरा गंभीर
Reviewed by मधेपुरा टाइम्स
on
August 24, 2026
Rating:
No comments: