पहले चरण के चुनाव में 142 मतदान केंद्रों पर 104962 मतदाता करेंगे अपने मताधिकार का प्रयोग

मधेपुरा में पहले चरण में 18 दिसम्बर को होने वाले नगर निकाय चुनाव को लेकर जिले के दो नगर परिषद और एक नगर पंचायत आलमनगर में शुक्रवार की शाम चुनाव प्रचार थम गया।

वहीं दूसरी तरफ निष्पक्ष और शांतिपूर्ण चुनाव संपन्न कराने को लेकर जिला प्रशासन हर आवश्यक तैयारी पूरी करने में लगा हुआ है। शहर के टीपी कॉलेज में बनाये गये मतगणना केंद्र से शुक्रवार को पोलिंग पार्टियों को मतदान साम्रगी के साथ रवाना किया गया। वहीं आज मधेपुरा, उदाकिशुनगंज और आलमनगर में पीसीसीपी और चुनाव कार्य में लगाए गए पदाधिकारियों को संबोधित कर डीएम श्यामबिहारी मीणा और एसपी राजेश कुमार शांतिपूर्ण और निष्पक्ष तरीके से चुनाव संपन्न कराने का पाठ पढ़ाया।

बताया गया कि  डीएम स्वयं पूरे इलाके पर नजर रख रहे हैं। इस दौरान पदाधिकारियों को आवश्यक निर्देश भी दिए जा रहे हैं। मतदान केंद्रों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किये गये हैं। जानकारी हो कि जिले में नगरपालिका का आम चुनाव दो चरणों में होना है। पहले चरण का चुनाव 18 दिसम्बर और दूसरे चरण का चुनाव 28 दिसम्बर को होना है। प्रथम चरण में मधेपुरा नगर परिषद्, उदाकिशुनगंज नगर परिषद और आलमनगर नगर पंचायत के मुख्य पार्षद, उप मुख्य पार्षद और पार्षदों के लिए होना है। जबकि मतगणना 20 दिसम्बर को होगी। द्वितीय चरण में 28 दिसम्बर को बिहारीगंज नगर पंचायत, सिंहेश्वर नगर पंचायत और मुरलीगंज नगर पंचायत के लिए मतदान होगा। 30 दिसम्बर को मतगणना होगी। 

मालूम हो कि प्रथम चरण में तीन नगरपालिका में 73 वार्ड हैं। मधेपुरा नगर परिषद में 26, उदाकिशुनगंज नगर परिषद में 26 और आलमनगर नगर पंचायत में 21 वार्डों के लिए चुनाव होना है। 

वहीं मधेपुरा नगर परिषद में 66 बूथ पर 51591 मतदाता, उदाकिशुनगंज नगर परिषद में 43 बूथों पर 30654 और आलमनगर नगर पंचायत में 33 बूथों पर 22717 मतदाता अपने मत का प्रयोग करेंगे। इसमें तीन मुख्य पार्षद, तीन उप मुख्य पार्षद और वार्ड पार्षदों की संख्या 73 होगी।

प्रथम चरण में होने वाले चुनाव के लिए कुल 142 मतदान केन्द्र बनाया गया है। इन मतदान केंद्रों पर रविवार को कुल 104962 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे।

पहले चरण के चुनाव में 142 मतदान केंद्रों पर 104962 मतदाता करेंगे अपने मताधिकार का प्रयोग पहले चरण  के चुनाव में 142 मतदान केंद्रों पर 104962 मतदाता करेंगे अपने मताधिकार का प्रयोग Reviewed by मधेपुरा टाइम्स on December 17, 2022 Rating: 5

No comments:

Powered by Blogger.