बाजार से सीमेंट नहीं लाने की सजा मिली मौत, आरोपी गिरफ्तार

सुपौल। राघोपुर थाना क्षेत्र के पिपराही पंचायत स्थित रामपुर वार्ड नंबर 07 के एक झाड़ी में एक अधेड़ की क्षत विक्षत अवस्था में लाश मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। 


लाश मिलने की खबर पर देखते ही देखते मौके पर बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों की भीड़ जमा हो गई।

शव मिलने की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने घटना स्थल का जायजा लेते शव की शिनाख्त की दिशा में अनुसंधान प्रारंभ कर दी। इसी बीच ग्रामीणों ने शव की पहचान थाना क्षेत्र के पिपराही पंचायत वार्ड नंबर सात निवासी 55 वर्षीय सुखराम पासवान के रुप मे की।


शव की पहचान होने के बाद घटना की जानकारी उनके परिजनों को दी गई। सूचना के बाद मौके पर मृतक की पत्नी, पुत्र, बेटी सहित अन्य परिजन पहुंचे। शव देखते ही परिजनों के बीच कोहराम मच गया।

मृतक के शरीर पर कई जख्म के निशान पाये गये। जिससे शव को पहचाने में भी मुश्किल हो रही थी। वहीं शव के सरांध से शव के पास थोड़ी देर रूकना भी मुश्किल हो रहा था।

मृतक के पुत्र लाल पासवान ने बताया कि उनके पिता ऑटो चालक थे। बताया कि गुरुवार को गांव के ही हरि पासवान द्वारा उन्हें सीमेंट लाने के लिए कहा गया। लेकिन किसी कारणवश उनका सीमेंट बाजार से नहीं ला पाए। जिस पर दोनों के बीच काफी विवाद भी हुआ। इसी विवाद के क्रम में हरि पासवान ने उनके पिता को धमकी दिया था कि इसका अंजाम बुरा होगा और उसे अपनी जान देकर इसकी कीमत चुकानी होगी। तभी लोगों ने इसे आपसी विवाद समझकर ज्यादा तूल नही दिया। लेकिन घटना के बाद परिजनों एवं स्थानीय लोगों के संदेह की सुई हरि पासवान पर ही अटक रही है।

परिजनों ने बताया कि शुक्रवार की सुबह से ही वे गायब थे। शाम तक घर नहीं लौटने पर वे लोग अपने रिश्तेदार सहित अन्य स्थानों पर मृतक की खोज कर रहे थे। इसी पुलिस ने रविवार को उनके शव मिलने की सूचना दी गई। 

थानाध्यक्ष शिवशंकर कुमार ने बताया कि मामले में पुलिस ने मृतक के पुत्र लाल पासवान द्वारा दिए गए आवेदन के आधार पर मामला दर्ज कर अनुसंधान प्रारंभ कर दिया है। साथ ही पुलिस ने नामजद हरि पासवान को गिरफ्तार न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। (नि. सं.)
बाजार से सीमेंट नहीं लाने की सजा मिली मौत, आरोपी गिरफ्तार बाजार से सीमेंट नहीं लाने की सजा मिली मौत, आरोपी गिरफ्तार Reviewed by मधेपुरा टाइम्स on August 05, 2018 Rating: 5

No comments:

Powered by Blogger.