मिक्सचर मशीन में कार की टक्कर, मजदूर की मौत

कुमारखंड थाना क्षेत्र के केवटगामा गांव स्थित पुल के समीप एसएच 91 पर मंगलवार की देर रात करीब 11:40 बजे एक दर्दनाक सड़क हादसे में 55 वर्षीय मजदूर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य मजदूर घायल हो गया। हादसे के बाद कार चालक और ट्रैक्टर चालक वाहन छोड़कर फरार हो गए।

बताया गया की जिले के मुरलीगंज थाना क्षेत्र के दिग्घी पंचायत स्थित साहेबगंज इटहरी वार्ड 8 निवासी मिथिलेश पासवान (55 वर्ष) और साहेबगंज टिहरी वार्ड 9 निवासी मनोज पासवान मंगलवार को कुमारखंड थाना क्षेत्र के बिशनपुर में मकान की छत ढलाई का कार्य कर रहे थे। कार्य समाप्ति के बाद दोनों ट्रैक्टर में लगे मिक्सचर मशीन पर बैठकर अपने घर लौट रहे थे।

इसी दौरान केवटगामा पुल के पास पीछे से आ रही काले रंग की सुजुकी-मारुति कार ने मिक्सचर मशीन में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद मिक्सचर मशीन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गहरे खाई में पलट गई। हादसे में मिक्सचर मशीन पर बैठे मिथिलेश पासवान सड़क पर गिर गए। जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं दूसरे मजदूर मनोज पासवान घायल हो गए। उनका इलाज मुरलीगंज सीएचसी में चल रहा है।

घटना की सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष रंजन कुमार एसआई जिउत राम, एसआई रामव्रत प्रसाद एवं पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल मधेपुरा भेज दिया। साथ ही ट्रैक्टर और सुजुकी-मारुति कार को जब्त कर थाना लाया गया। थानाध्यक्ष रंजन कुमार ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि मामले में अग्रेतर समुचित कार्रवाई की जा रही है। फरार चालकों की तलाश में छापेमारी की जा रही है।

(रिपोर्ट: मीना कुमारी/ मधेपुरा टाइम्स)

मिक्सचर मशीन में कार की टक्कर, मजदूर की मौत मिक्सचर मशीन में कार की टक्कर, मजदूर की मौत Reviewed by मधेपुरा टाइम्स on February 25, 2026 Rating: 5

No comments:

Powered by Blogger.